विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की अध्यक्षता में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक नई दिल्ली में हुई
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की अध्यक्षता में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक नई दिल्ली में हुई। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने क्वाड देशों के बीच सहयोग को और मज़बूत करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने दूसरों की सहायता करने की बात भी कही। डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्वाड देश खुले समाज हैं, जो समृद्धि और विकास की खोज में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देशों के तौर पर, उन्होंने आतंकवाद के साझा खतरे का मुकाबला करने पर भी अपना ध्यान केंद्रित किया है।
बैठक के बारे में उन्होंने बताया कि द्विपक्षीय चर्चाएँ विश्व की मौजूदा स्थिति पर केंद्रित थीं, और इन चारों देशों ने विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में सहयोग का लगातार विस्तार हुआ है, जिसमें निगरानी और समुद्री क्षेत्र की जानकारी लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, समुद्र के नीचे बिछी केबलें, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, और मानवीय सहायता तथा आपदा राहत गतिविधियाँ शामिल हैं। डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्वाड देश आने वाले समय में इन क्षेत्रों में अपने सहयोग को और भी मजबूत करते रहेंगे।




