MoRTH ने NH-44 और NH-19 के दिल्ली-आगरा मार्ग पर सड़क के ऊपर पुल, फ्लाईओवर और वाहन अंडरपास बनाने की मंजूरी दी
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के दिल्ली-आगरा मार्ग पर सड़क के ऊपर पुल, फ्लाईओवर और वाहन अंडरपास बनाने की मंजूरी दी है। हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल तथा उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों में इन अवसंरचनाओं का निर्माण एक हजार 123 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत मार्ग के विभिन्न स्थानों पर तीन सड़क के ऊपर पुल, चार फ्लाईओवर और चार वाहन अंडरपास बनाए जाएंगे। इससे दिल्ली-आगरा मार्ग पर संपर्क और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी
नितिन गडकरी ने कहा कि सड़क के ऊपर पुल बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाला समय बचेगा। इससे मौजूदा पुलों और सड़क के समतल चौराहों पर जाम तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
नितिन गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टीकरी बॉर्डर तक 12 किलोमीटर से अधिक लंबे छह लेन के मुख्य मार्ग और सर्विस रोड के उन्नयन के लिए लगभग 360 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-9, जिसे रोहतक रोड भी कहा जाता है, दिल्ली को बहादुरगढ़ और रोहतक से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। यह पंजाबी बाग, पीरागढ़ी, नांगलोई, मुंडका और टीकरी बॉर्डर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरता है। इस मार्ग पर क्षेत्रीय, उपनगरीय और औद्योगिक यातायात का काफी दबाव रहता है।





