insamachar

आज की ताजा खबर

National Council for Cement and Building Materials has signed a Memorandum of Understanding to strengthen skill development and capacity building in the construction sector
भारत

राष्ट्रीय सीमेंट एवं भवन सामग्री परिषद ने निर्माण क्षेत्र में कौशल विकास और क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत के निर्माण क्षेत्र में कौशल विकास और क्षमता निर्माण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, राष्ट्रीय सीमेंट एवं भवन सामग्री परिषद (एनसीबी) ने एक प्रमुख सीमेंट निर्माता के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

एनसीबी महानिदेशक डॉ. एल. पी. सिंह और अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड में तकनीकी सेवा प्रमुख अभियंता राहुल गोयल ने आज एनसीबी, बल्लभगढ़ में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस मौके पर बोलते हुए एनसीबी महानिदेशक डॉ. एल. पी. सिंह ने कहा कि इस सहयोग से निर्माण क्षेत्र में क्षमता निर्माण में योगदान की उम्मीद है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस पहल के अंतर्गत अगले 3-5 वर्ष में बड़ी संख्या में पेशेवरों और श्रमिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य देश भर में सुनियोजित प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित करना है, जिनका लक्ष्य सिविल अभियंताओं, रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) विशेषज्ञों, ठेकेदारों, निर्माण श्रमिकों और राजमिस्त्रियों की क्षमता का निर्माण करना है। प्रशिक्षण में सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण, कंक्रीट मिश्रण का अनुपात निर्धारण, संपोषण और निरंतर निर्माण पद्धतियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।

इस पहल में कार्यशालाएं, साइट प्रदर्शन, तकनीकी सेमिनार और संयंत्रों तथा आरएमसी सुविधाओं के प्रदर्शन दौरे भी शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य व्यावहारिक समझ और तकनीकी कौशल को बेहतर करना है।

भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों, जिनमें स्किल इंडिया मिशन भी शामिल है, के अनुरूप यह सहयोग देश के बढ़ते बुनियादी ढांचे और आवास क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम कुशल कार्यबल के विकास में सहायक होने की उम्मीद है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *