insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi and French President Macron will jointly inaugurate India Innovates 2026 in Nice, France, on June 14.
Current Affairs भारत

प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रॉं 14 जून को फ्रांस के नीस में भारत इनोवेट्स 2026 का संयुक्त रुप से उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉं के साथ 14 जून 2026 को फ्रांस के नीस स्थित पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स में भारत इनोवेट्स 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे।

भारत सरकार द्वारा आयोजित, भारत इनोवेट्स 2026 केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल है। इसमें 120 भारतीय नवोन्मेषक, 15 उच्च शिक्षा संस्थान और 500 से अधिक निवेशक भाग लेंगे, जिनमें प्रमुख कॉरपोरेट और वेंचर कैपिटल फर्म तथा वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे। यह आयोजन एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण जैसे 13 प्रमुख क्षेत्रों में विस्तारित होगा, जो भारत के बढ़ते नवाचार और डीप टेक इकोसिस्टम को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना है। भारत इनोवेट्स 2026 के लिए देश से 120 स्टार्टअप का चयन करने वाली तकनीकी निरीक्षण समिति के अध्यक्ष तथा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी इसमें भाग लेंगे।

भारत इनोवेट्स 2026 का नीस में पहली बार आयोजन, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के सामने भारत के डीप टेक नवोन्मेषकों और स्टार्टअप्स को प्रदर्शित करेगा। यह आयोजन भारत और वैश्विक हितधारकों के बीच नवाचार-आधारित साझेदारी बढ़ाने का प्रभावशाली मंच होगा। इस आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और परिणाम की आशा है, जिनमें डीप टेक, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप विस्तार और सीमा पार निवेश सुविधा में सहयोग ढांचे सुदृढ़ बनाना शामिल है।

यह आयोजन भारतीय और फ्रांसीसी नवाचार पारितंत्रों के बीच संस्थागत साझेदारी के नए अवसर भी खोलेगा, जिसमें सह-विकास, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और उभरती प्रौद्योगिकियों के त्वरण पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा। भारत इनोवेट्स का उद्देश्य प्रतिभागी नवोन्मेषकों और संस्थानों को निवेशकों, निगमों, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संगठनों और सरकारी हितधारकों से जोड़ना है ताकि निवेश, प्रौद्योगिकी सत्यापन, सह-विकास के अवसर, अग्रिम परियोजनाएं, विनिर्माण साझेदारी, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और इन्हें अपनाने के मार्ग प्रशस्त किया जा सके तथा बाजार में पहुंच और भारतीय नवाचारों का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार सुनिश्चित हो सके।

भारत इनोवेट्स 2026 से वैश्विक नवाचार नेटवर्कों के साथ भारत की सहभागिता उल्लेखनीय रूप से बढ़ने और प्रौद्योगिकी-संचालित विकास तथा उद्यमिता के अग्रणी केंद्र के रूप में इसकी स्थिति सुदृढ़ होने की उम्मीद है। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तत्वावधान में इसका आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति ने संयुक्त रूप से फरवरी 2026 में मुंबई में किया था।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *