insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi distributed appointment letters to over 51,000 youths at the 20th Rozgar Mela.
भारत मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी ने 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 20वें रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी संगठनों में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पिछले कुछ वर्षों से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए आवश्यक कौशल और अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास यह भी सुनिश्चित करना है कि देश के युवाओं की शिक्षा और कौशल बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप हों।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ाने के लिए भी काम कर रही है। इसी उद्देश्य से करीब एक लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत करीब दो करोड़ युवाओं के पहली बार कार्यबल में शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योजना के अंतर्गत पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दे रही है, साथ ही अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिससे देश के युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं। इन समझौतों से उद्यमियों के लिए नई साझेदारियों और बाजारों का रास्ता खुला है तथा युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया को भारत के नवाचारकर्ताओं, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त स्टार्टअप में करीब आधे टियर-2 और टियर-3 शहरों में हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों के युवा देश की नई अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के युवा अपने विचारों पर काम कर रहे हैं, नई कंपनियां शुरू कर रहे हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार सृजन और भर्ती के आकलन से पता चला है कि सरकारी नियुक्तियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि तीन प्रमुख केंद्रीय भर्ती एजेंसियों-संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग और रेलवे भर्ती बोर्डों से राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के दस वर्ष के दौरान करीब 10 लाख 96 हजार नियुक्तियां की गईं, जबकि यूपीए सरकार के दौरान यह संख्या 7 लाख 22 हजार थी। उन्‍होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

20वां रोजगार मेला देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। नवनियुक्त युवा वित्त, रेल, गृह, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रक्षा सहित भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार संभालेंगे।

20वें रोजगार मेले के साथ अब तक करीब 12 लाख 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और देश की विकास यात्रा में उनकी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार के निरंतर जोर को दर्शाता है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *