insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi inaugurated and laid the foundation stone for the Pune Metro project, worth Rs 21,800 crore.
भारत मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी ने 21,800 करोड़ रुपये की पुणे मेट्रो परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महाराष्‍ट्र का पुणे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहर के विकास को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं से पुणे को नई पहचान मिली है और इससे शहर की आर्थिक प्रगति को भी बढ़ावा मिल रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने हिंजवड़ी-मान से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो लाइन-तीन का वर्चुअल उद्घाटन किया और मेट्रो ट्रेन को रवाना किया। इस मार्ग पर यात्री सेवा चार नवंबर 2026 से शुरू होगी। उन्होंने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण के चार नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इनमें वनाज से चांदनी चौक, रामवाड़ी से विठ्ठलवाड़ी, खराड़ी से खड़कवासला और नल स्टॉप से मानिक बाग कॉरिडोर शामिल हैं।

कार्यक्रम में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय नागर विमानन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 26 शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है। वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 248 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर एक हजार 200 किलोमीटर से अधिक हो गया है। हर दिन एक करोड़ से ज्यादा यात्री मेट्रो से सफर करते हैं। महाराष्ट्र में ही लगभग 175 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क चालू है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले बारह वर्षों में ऊर्जा, सड़क और रेलवे के क्षेत्र में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लगभग 120 किलोमीटर नए मेट्रो कॉरिडोर बनने से लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। मेट्रो परियोजनाओं से न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि लगभग पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश से शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मेट्रो शहरी विकास का नया आधार बनेगी।

हिंजवड़ी-मान से शिवाजीनगर मेट्रो लाइन-तीन की लंबाई 23 किलोमीटर है और इस पर 23 स्टेशन हैं। पहले चरण में 17 स्टेशनों पर यात्री सेवा शुरू होगी। बाकी छह स्टेशन जनवरी 2027 तक चरणबद्ध तरीके से चालू किए जाएंगे। पुणे मेट्रो परियोजना के पहले चरण पर आठ हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, जबकि दूसरे चरण पर लगभग 13 हजार 500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों चरणों पर कुल खर्च 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक होगा।

मेट्रो लाइन-तीन की एक खास बात यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटर करेंगी। इसके अलावा, मेट्रो की ऊर्जा जरूरत का 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जाएगा। इस नए कॉरिडोर से हिंजवड़ी आईटी पार्क में काम करने वाले पेशेवरों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा का समय बचेगा और पुणे में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। यह उद्घाटन शहर के बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे पुणे की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *