प्रधानमंत्री मोदी ने आज कर्नाटका में 15 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटका में 15 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में मेट्रो कनेक्टिविटी, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा, विद्युत पारेषण और पेट्रोलियम अवसंरचना शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से कर्नाटका की विकास यात्रा में तेजी आएगी।
आज का ये दिन बैंगलुरू की, कर्नाटका की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है। आज यहां से कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्युरिटी से जुडे़ 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स शुरू किए जा रहे हैं। मेट्रो और रेल से जुड़े प्रोजेक्ट्स से लेकर एनर्जी सिक्युरिटी से काम तक भी ये सभी प्रोजेक्ट्स कर्नाटका के इन्फ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने वाले हैं।
प्रधानमंत्री ने कई प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा पारेषण परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जबकि कर्नाटक के नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त विद्युत पारेषण योजनाओं की आधारशिला रखी।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के परिसर प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि योग और आयुर्वेद ने दुनिया का ध्यान भारत और उसकी पारंपरिक ज्ञान परंपरा की ओर आकर्षित किया है।
दुनिया के अलग-अलग देशों में 150 से ज्यादा आयुर्वेद प्रशिक्षण कोर्सेज़ को मान्यता दी गई है। आयुर्वेद के विस्तार में सहयोग के लिए दुनिया के 28 देशों के साथ एम.ओ.यू. साईन किए गए हैं। साथियों हमारा प्रयास है कि आयुर्वेद और योग का लाभ देश के हर नागरिक तक पहुंचे और आज विश्व में हॉलिस्टिक हेल्थ केयर एक नई मूमेंट बनी है और उसके कारण आयुर्वेद और नैच्युरोपैथी के तरफ एक सहज आकर्षण बना है।
प्रधानमंत्री बाद में, मैसूरु में, भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान द्वारा निर्मित कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन करेंगे।





