insamachar

आज की ताजा खबर

PM Narendra Modi arrived in the Netherlands on the second leg of his five-nation tour
भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड्स पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के लिए नीदरलैंड्स पहुंचे। इस दौरे का उद्देश्य यूरोपीय देशों के साथ भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है।

एम्स्टर्डम हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने किया। प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात से नीदरलैंड्स पहुंचे, जहां उन्होंने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की।

हेग में प्रधानमंत्री का भारतीय प्रवासी समुदाय द्वारा सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ भव्य स्वागत किया गया। डच सैनिकों ने भी उनका औपचारिक रूप से अभिनंदन किया।

नीदरलैंड्स का दौरा समाप्त होने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी कल दौरे के तीसरे चरण के लिए स्वीडन के गोथेनबर्ग जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी और स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लायन के साथ यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को भी संबोधित करेंगे। अपनी यात्रा के चौथे चरण में, प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन और द्विपक्षीय बैठकों के लिए नॉर्वे पहुंचेंगे। वह राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्या से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

प्रधानमंत्री नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रॉस्टडॉटिर और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन भी शामिल होंगे।

यह शिखर सम्मेलन प्रौद्योगिकी और नवाचार, हरित परिवर्तन तथा नवीकरणीय ऊर्जा, स्थिरता, समुद्री अर्थव्यवस्था, रक्षा, अंतरिक्ष और आर्कटिक क्षेत्र में भारत-नॉर्डिक देशों के संबंधों को मजबूती प्रदान करेगा।

अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मंगलवार को इटली पहुंचेंगे। इस यात्रा के दौरान वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से बातचीत करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *