भारत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना के वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना के वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन किया। यह भारत के औद्योगिक और वस्त्र विकास में एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि है। 1695.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह देश का पहला कार्यरत पीएम मित्र पार्क है और भारत सरकार की 5 एफ परिकल्पना – फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन – को साकार करता है। प्रधानमंत्री ने परियोजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क हमारे देश में वस्त्र क्रांति को गति देगा और विशेष रूप से महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।

प्रस्तावित नागपुर-विजयवाड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (एनएच-163 जी) के निकट और एनएच-163 के करीब स्थित यह पार्क प्रमुख रेलवे नेटवर्क और बंदरगाहों से उत्कृष्ट मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करता है, जिससे वैश्विक व्यापार के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित होता है। विश्व स्तरीय औद्योगिक इकोसिस्टम के रूप में डिजाइन किया गया यह पार्क अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित है। इसमें एक व्यापक आंतरिक सड़क नेटवर्क, समर्पित विद्युत उप केंद्र और सुनिश्चित जल आपूर्ति शामिल है। यह जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीक वाले कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से सतत विकास पर भी बल देता है।

यह पार्क भारत के वस्त्र उद्योग के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है, जिसमें 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की संभावना है और इसमें पहले से ही महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। पार्क का 62 प्रतिशत हिस्सा पहले ही आवंटित किया जा चुका है। 1,327 एकड़ में फैला यह पार्क वस्त्र मूल्य श्रृंखला में व्यापक अवसर पैदा करने के लिए तैयार है, जिससे 24,400 से अधिक नौकरियों के सृजन की संभावना है। इसके अंतर्गत हजारों नौकरियां पहले ही सृजित हो चुकी हैं।

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय ने देश में वस्त्र अवसंरचना के लिए एक राष्ट्रीय इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मार्च 2023 में तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश राज्यों में सात पीएम मित्र पार्कों की स्थापना को मंजूरी दी थी।

तेलंगाना सरकार ने मार्च 2022 में पीएम मित्र पार्क योजना के अंतर्गत सात स्थलों में से एक के रूप में वारंगल स्थित काकातिया मेगा टेक्सटाइल पार्क (केएमटीपी) के चयन का प्रस्ताव रखा था। इसका उद्देश्य पार्क में उद्योगों की स्थापना के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार और सुविधा प्रदान करना था। पीएम मित्र पार्क योजना के अंतर्गत ब्राउनफील्ड श्रेणी में मंजूरी मिलने पर, केएमटीपी 200 करोड़ रुपये की विकास पूंजी सहायता और पार्क में स्थापित होने वाले उद्योगों के लिए 300 करोड़ रुपये की प्रतिस्पर्धात्मक प्रोत्साहन सहायता (सीआईएस) के लिए पात्र हो गया।

पीएम मित्र पार्क, वारंगल के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को 1695.54 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत के साथ मंजूरी दी गई। इसमें सीईटीपी को जीरो लिक्विड डिस्चार्ज फैसिलिटी में अपग्रेड करना, प्रसंस्करण इकाइयों के लिए कॉमन बॉयलर सुविधा, श्रमिक छात्रावासों का विस्तार, 10 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र आदि जैसी विस्तारित सामान्य बुनियादी ढांचा सुविधाएं शामिल हैं।

पार्क में उद्योग के लिए आवंटित कुल 548 एकड़ भूमि में से, पीएम मित्रा पार्क की घोषणा के बाद 310 एकड़ भूमि उद्योग को आवंटित की गई है।

पार्क में स्थापित होने वाले उद्योगों को न केवल वस्त्र क्षेत्र के लिए विश्व स्तरीय अवसंरचना सुविधाएं (वैश्विक स्तर पर वस्त्र मेगा पार्कों के अनुरूप) उपलब्ध होंगी, बल्कि पीएम मित्र योजना के अंतर्गत प्रतिस्पर्धी प्रोत्साहन सहायता (सीआईएस) भी प्राप्त होगी। विनिर्माण इकाइयां प्रोत्साहन सहायता के लिए पात्र हो जाती हैं, जिसके लिए प्रत्येक पार्क के लिए कुल 300 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है, जिससे ये पार्क निवेशकों के लिए और अधिक आकर्षक बन जाते हैं।

पीएम मित्र पार्कों में स्थित इकाइयां भारत सरकार की अन्य योजनाओं के साथ समन्वय में लाभ प्राप्त करने के लिए भी पात्र हैं। विशेष रूप से, वस्त्र मंत्रालय ने वस्त्र क्षेत्र के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के माध्यम से नए निवेश को आकर्षित करने पर काफी जोर दिया है। इस समन्वय के उदाहरण के रूप में, पीएम मित्र पार्क वारंगल की एक इकाई, एवरटॉप टेक्सटाइल एंड अपैरल कॉम्प्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड भी पीएलआई योजना की लाभार्थी है। कंपनी से 1051 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और 1990 करोड़ रुपये के अनुमानित वार्षिक कारोबार के साथ लगभग 12,800 लोगों को रोजगार सृजित करने की आशा है।

पीएम मित्र पार्क योजना न केवल वीजीएफ के रूप में केंद्र सरकार की फंडिंग लाती है, बल्कि निवेशकों का विश्वास, आधुनिक साझा बुनियादी ढांचा और भारत की राष्ट्रीय वस्त्र रणनीति में एकीकरण भी सुनिश्चित करती है – ये सभी तेलंगाना सरकार द्वारा वस्त्र पार्क स्थापित करने के लिए किए गए प्रयास को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देते हैं। पीएम मित्र पार्क होने से केएमटीपी एक राज्य औद्योगिक पार्क से राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता प्राप्त, वैश्विक स्तर पर स्थापित वस्त्र इकोसिस्टम में परिवर्तित हो जाता है।

Editor

Recent Posts

प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के हैदराबाद में लगभग ₹9,400 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना के हैदराबाद में लगभग ₹9,400 करोड़ की कई विकास…

55 मिनट ago

उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, बीजेपी के छह नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली

उत्‍तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्‍तार किया। बीजेपी के…

3 घंटे ago

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बेंगलुरु में द आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें स्थापना वर्ष समारोह में भाग लिया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कर्नाटक के बेंगलुरु में द आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें…

5 घंटे ago

हिमंता बिस्वा सरमा असम में भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने गए

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर हिमंत बिस्वा सरमा को भाजपा और एनडीए–दोनों के…

5 घंटे ago

TVK के चीफ सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली

चेन्नई: TVK के चीफ सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ…

10 घंटे ago