राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, भविष्य में किसी भी समझौते के अंतर्गत ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका और ईरान के बीच वार्ता जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में स्थायी रूप से ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जाना चाहिए। व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने कहा कि परमाणु अप्रसार उनकी सरकार के दृष्टिकोण का मुख्य उद्देश्य बना हुआ है।
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि भविष्य में किसी भी समझौते के अंतर्गत ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने वर्ष 2015 के परमाणु समझौते की आलोचना करते हुए इसे ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने का मार्ग बताया और यह दावा किया कि कोई भी नया समझौता मौलिक रूप से अलग होगा।
ईरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए अमरीकी हमलों का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि ये ठिकाने “पूरी तरह नष्ट” कर दिए गए थे और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर अमरीकी सैनिकों को निशाना बनाया गया तो तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाएगी। अमरीका के राष्ट्रपति की ये टिप्पणियां ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर दीर्घकालिक समझौते तक पहुंचने के लिए जारी राजनयिक प्रयासों के बीच आईं।





