प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चेन्नई में आईआईटी-मद्रास में आयोजित कार्यक्रम में 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क और रेल परिवहन, बंदरगाह अवसंरचना, पेट्रोलियम और वैज्ञानिक अनुसंधान परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। इन परियोजनाओं में लगभग 3 हजार सात सौ करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य, चेन्नई बंदरगाह, कामराजार बंदरगाह और वी. ओ. चिदंबरनार बंदरगाह पर कार्य, और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विकास शामिल है।
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में 13 हज़ार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से संपर्क सुविधा बेहतर होगी, उद्योग और व्यापार मजबूत होंगे तथा राज्य के युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं दैनिक यात्रा को आसान बनाएंगी और राज्य की आर्थिक वृद्धि में मदद करेंगी।
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों एम. करुणानिधि और जे. जयललिता के साथ अपनी बातचीत को याद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान उन्हें पूर्व मुख्यमंत्रियों ओ. पन्नीरसेल्वम, एडप्पाडी के. पलानीस्वामी और एम. के. स्टालिन के साथ भी काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सरकारों में बदलाव के बावजूद, तमिलनाडु के विकास और लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सहयोग से इस यात्रा को जारी रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार के प्रमुख के तौर पर उन्होंने 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वैज्ञानिक उपलब्धियों और आधुनिक बुनियादी ढांचे से ताकत मिलती है। उन्होंने तमिलनाडु के मंदिरों, वैज्ञानिक संस्थानों और मेट्रो रेल नेटवर्क का उदाहरण देते हुए बताया कि परंपरा और आधुनिक विकास साथ-साथ चल सकते हैं। प्रधानमंत्री ने लोगों को नवरात्र की बधाई भी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आईआईटी मद्रास में ‘सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर’ देश को समर्पित किया। यह सेंटर एक सौ से ज़्यादा इंसानी दिमागों की मैपिंग करने और सेलुलर लेवल पर थ्री-डायमेंशनल एटलस बनाने की नई वैज्ञानिक पहल का हिस्सा है। इस अनुसंधान में भ्रूण की अवस्था से लेकर बुढ़ापे तक मानव की पूरी ज़िंदगी शामिल होगी।
प्रधानमंत्री ने ‘सी-स्ट्रोक भी जारी किया। यह इस्केमिक स्ट्रोक से प्रभावित मानव मस्तिष्क का अनोखा मानचित्र है। एक हज़ार से ज़्यादा एनोटेटेड माइक्रोस्कोपिक सेक्शन वाले इस मानचित्र से दुनिया भर के अनुसंधानकर्ताओं को इलाज के लिए नए लक्ष्य की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी हिस्से का उद्घाटन किया। इसे लगभग 4 हजार 9 सौ करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने संयुक्त रूप से नई मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में यात्रा की।
यह हाल ही में आरंभ दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार का अंग है। इसमें लगभग 15 किलोमीटर में फैले 11 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य तमिलनाडु में परिवहन सुविधा को मज़बूत करना, बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना और वैज्ञानिक अनुसंधान को आगे बढ़ाना है।
भारतीय नौसेना का जहाज सह्याद्रि 10 अक्टूबर, 2026 को रूस के व्लादिवोस्तोक पहुंचा। यह युद्धपोत…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई पहुंचे। वे आज चेन्नई में 13…
सर्वोच्च न्यायालय ने शांतिपूर्ण ढंग से एकत्रित लोगों को अवैध रूप से हिरासत में न…
नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडक नदी में पानी अचानक बढ़ने के बाद, तटवर्ती…
भारत ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए…
भारतीय नौसेना का आधुनिक सुविधाओं से लैस मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट जहाज आईएनएस त्रिशूल ब्रिटेन के…