भारत

रेल मंत्री एवं पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने जयपुर (खातीपुरा) – टाटानगर – सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

जयपुर (खातीपुरा) – टाटानगर – सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन का आज शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में दिलीप घोष, मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार, सुनील कोठारी, महापौर, विद्युत बरन महतो, सांसद एवं मंजू शर्मा, सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जयपुर को जमशेदपुर और कोलकाता से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि नई सेवा से राजस्थान में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों, व्यापारिक समुदायों, विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को लाभ होगा।

झारखंड में रेलवे के विकास का उल्लेख करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राज्य के लिए रेलवे बजट आवंटन ₹450 करोड़ से बढ़कर ₹7,500 करोड़ हो गया है, जो पहले के आवंटन का लगभग 16 गुना है। राज्य में लगभग ₹75,000 करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें गोड्डा, गोविंदपुर रोड, लोहरदगा, मधुपुर और मुरी सहित कई स्टेशनों पर कार्य पूरा हो चुका है।

रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकास कार्य जारी हैं और 1,300 से अधिक स्टेशनों को विकास के लिए लिया गया है। पश्चिम बंगाल के कई स्टेशनों, जिनमें सांतरागाछी, जलपाईगुड़ी रोड, जयचंडी पहाड़, हल्दिया और कामाख्यागुड़ी शामिल हैं, का भी पुनर्विकास किया जा रहा है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे का विकास मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जिनके लिए रेलवे किफायती परिवहन का एक प्रमुख साधन है। उन्होंने जोर दिया कि स्टेशन पुनर्विकास और बेहतर कनेक्टिविटी से सभी आय वर्गों के यात्रियों को लाभ होगा।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हावड़ा, खड़गपुर, चाकुलिया और टाटानगर को जोड़ने वाली रेल लाइन पर चार-लाइन विस्तार का कार्य किया जा रहा है। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि कोलकाता मेट्रो के बेलघाटा-आईटी सेंटर से जुड़ा 4.5 किलोमीटर लंबा सेक्शन पूरा हो चुका है और इस पर ट्रायल रन शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सेक्शन ग्रीन लाइन से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान राज्य में चलाई जा रही रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे बजट आवंटन में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2009-2014 के दौरान वार्षिक औसत आवंटन ₹4,380 करोड़ था, जो वर्ष 2026-27 के लिए बढ़कर ₹14,205 करोड़ हो गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ निवेश राज्य में रेलवे अवसंरचना के विकास और कनेक्टिविटी में सुधार में सहायक होगा।

Editor

Recent Posts

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव में बदल गया

मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में…

3 घंटे ago

आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है, इस वर्ष का विषय है – पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी

आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है। देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्वतंत्र, उत्‍तरदायी और…

3 घंटे ago

उगते सूर्य को अर्घ्य और प्रार्थना के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व सम्पन्न

उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिन छठ महापर्व आज संपन्न…

4 घंटे ago

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के 8वें संस्करण के लोगो और शुभंकर का अनावरण हुआ

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत…

19 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी ने आज छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के अवसर पर देश भर के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के अवसर पर देश भर…

19 घंटे ago