भारत

राजनाथ सिंह ने विभिन्न चुनौतियों पर काबू पाने और परमवीरों की वीरता एवं बलिदान की कहानियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए तैराकी टीम की सराहना की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 सितंबर, 2024 को नई दिल्ली में परमवीर चक्र (पीवीसी) पुरस्कार विजेताओं के नाम पर रखे गए अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के 21 द्वीपों के लिए अपनी तरह के पहले खुले जल में तैराकी अभियान का ध्वज प्राप्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 जनवरी, 2023 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में पराक्रम दिवस के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार के 21 सबसे बड़े अनाम द्वीपों का नाम पीवीसी पुरस्कार विजेताओं के नाम पर रखा था।

नए नाम रखने की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए, त्रि-सेवा अंडमान एवं निकोबार कमांड ने ‘अभियान परमवीर’ लॉन्च किया, जिसमें भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल के कर्मियों की एक टीम ने सभी 21 द्वीपों तक तैराकी की और 21 वीरता पुरस्कार विजेताओं की वीरता एवं बलिदान के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में प्रत्येक द्वीप पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस 11-सदस्यीय अभियान दल का नेतृत्व प्रसिद्ध खुले जल के तैराक एवं तेनज़िंग नॉर्वे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार विजेता विंग कमांडर परमवीर सिंह ने किया।

अपने संबोधन में, रक्षा मंत्री ने तैराकी टीम के साहस और क्षमता की सराहना की, जिसने समुद्र में कई चुनौतियों को पार करते हुए इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया और परमवीरों की वीरता एवं बलिदान की कहानियों को लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह अभियान यह सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों के अनुरूप था कि राष्ट्र की सेवा में अपना बलिदान देने वाले हमारे सैनिकों के वीरतापूर्ण कार्यों के बारे में लोगों, विशेषकर युवाओं को पता चले और ये बहादुर उनके नायक बनें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सशस्त्र बल के जवान देश को गौरवान्वित करते रहेंगे और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान, तैराकी टीम द्वारा रक्षा मंत्री को अभियान का ध्वज सौंपा गया। यह ध्वज पूरे अभियान, उसकी चुनौतियों, सौहार्द और अंततः सफल समापन का साक्षी था। यह ध्वज एक उद्देश्य का प्रतिनिधित्व करता है और देशभक्ति एवं गौरव की भावनाएं जगाता है। ध्वज प्रदान करने के इस समारोह के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, अंडमान एवं निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ (सिनकैन) एयर मार्शल साजू बालाकृष्णन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस अभियान को औपचारिक रूप से 22 मार्च, 2024 को विश्व जल दिवस के अवसर पर सिनकैन द्वारा श्री विजयपुरम से नेताजी सुभाष चंद्र द्वीप तक की शुरुआती तैराकी के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। तैराकी टीम ने पांच महीने की अवधि में सभी 21 द्वीपों, 300 किलोमीटर से अधिक की तैराकी की। यह अभियान 15 अगस्त, 2024 को 78वें स्वतंत्रता दिवस पर समाप्त हुआ। अंतिम तैराकी सशस्त्र बलों और तटरक्षक बल के 78 कर्मियों द्वारा की गई, जिन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र द्वीप से श्री विजयपुरम तक तैराकी की।

सभी तैराकों ने ‘बिना सहायता के खुले जल में तैराकी’ श्रेणी से संबंधित अंतरराष्ट्रीय मानकों एवं नियमों के अनुसार अभियान चलाया, जिसमें तैराकों के लिए केवल स्विम ट्रंक, चश्मे और टोपी पहनना अनिवार्य है। इस अभियान के दौरान, तैराकों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिनमें गंभीर थकावट, अत्यधिक निर्जलीकरण, धूप की कालिमा (सनबर्न) और अशांत समुद्री परिस्थितियां शामिल थीं। इस क्षेत्र में घातक समुद्री जीवों से कई बार सामना हुआ। पूरा अभियान बिना किसी दुर्घटना के पूरा किया गया। यह इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए एक शानदार उपलब्धि थी कि इस अभियान में भाग लेने वाले अधिकांश कर्मी पहली बार खुले जल में समुद्री तैराकी कर रहे थे।

Editor

Recent Posts

18वां भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलिफेंट’ आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में प्रारंभ हुआ

18वां भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास 'नोमैडिक एलिफेंट' आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र…

3 घंटे ago

रक्षा मंत्रालय ने T-72 और T-90 टैंकों के लिए सहायक विद्युत इकाइयों की खरीद के लिए 586 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए

रक्षा मंत्रालय ने टी-72 और टी-90 टैंकों के लिए सहायक विद्युत इकाइयों (एपीयू) की खरीद…

3 घंटे ago

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भारत की 7वीं राष्ट्रीय फ़ार्मुलेरी 2026 का शुभारंभ किया

स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने आज भारतीय फार्माकोपिया आयोग (आईपीसी) द्वारा आयोजित छठे राष्ट्रीय…

3 घंटे ago

NHAI ने पहुंच-नियंत्रित उच्च गति वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के डिजाइन और निर्माण के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए

केंद्र सरकार के विकसित भारत 2047 के विजन और विश्व स्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित…

3 घंटे ago

NSC ने हरियाणा में कुरुक्षेत्र ITI क्लस्टर के लिए पीएम-सेतु (PM-SETU) के तहत ₹320 करोड़ मंजूर किए; जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड सात ITI के आधुनिकीकरण में साझेदार बनेगा

कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) की राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) ने प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड…

3 घंटे ago

रूस में सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी ने संसदीय चुनाव में बढ़त बनाई, करीब 58 प्रतिशत वोट हासिल किये

रूस में सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी ने संसदीय चुनाव में बढ़त बना ली है। रूस…

6 घंटे ago