रिज़र्व बैंक ने बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त तरलता की वजह से आज एक ओवरनाइट वेरिएबल रेट रिवर्स रेपो नीलामी के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली से 75 हजार 26 करोड़ रुपये वापस ले लिए हैं। आरबीआई ने यह तरलता 5.24% की कट-ऑफ और भारित औसत दर पर अवशोषित की।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार 22 सितंबर तक बैंकिंग प्रणाली में 4.45 ट्रिलियन रुपये की अतिरिक्त तरलता थी। रिजर्व बैंक अतिरिक्त तरलता को हटाने के लिए और ओवरनाइट मनी मार्केट दरों को रेपो रेट के अनुरूप लाने के लिए नीलामियां आयोजित करता रहा है। केंद्रीय बैंक ने 17 सितंबर को 50 हजार करोड़ रुपये और 21 सितंबर को 25 हजार करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियों की ओपन मार्केट ऑपरेशंस बिक्री भी की है। बाकि 25 हजार करोड़ रुपये की नीलामी 28 सितंबर को निर्धारित है।





