insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के पहले चरण का पंजीकरण आज से शुरू

मेडिकल परामर्श समिति (एमसीसी) नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के पहले चरण का पंजीकरण आज से शुरू करेगी। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण का पंजीकरण आज से 12 अगस्त दोपहर 3 बजे तक होगा। हालांकि शुल्क भुगतान 12 अगस्त शाम 6 बजे तक किया जा सकता है।

पंजीकरण शुरू होने से पहले संस्थानों ने कल संभावित सीट मैट्रिक्स का सत्यापन किया। उम्मीदवार कल से 13 अगस्त तक अपनी पसंद दे सकते हैं। अपना चयन बताने की सुविधा 13 अगस्त सुबह 11 बजे बंद हो जाएगी। पहले चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया 13 अगस्त से 16 अगस्त तक चलेगी और परिणाम 17 अगस्त को घोषित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीटें आवंटित की गई हैं, उन्हें 18 अगस्त से 22 अगस्त के बीच अपने संबंधित संस्थानों में रिपोर्ट करना होगा। संस्थान 23 अगस्त को उम्मीदवारों के डेटा का सत्यापन करेंगे।

काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्वास्थ्य मंत्रालय ने उम्मीदवारों को एमसीसी पोर्टल पर पंजीकरण, चयन भरने और सीट आवंटन प्रक्रिया समझने में मदद करने के लिए चरण-दर-चरण ट्यूटोरियल वीडियो जारी किए हैं। इन वीडियो का उद्देश्य काउंसलिंग प्रक्रिया को सरल और छात्र-अनुकूल तरीके से समझाकर उम्मीदवारों को मार्गदर्शन देना है। इनमें पंजीकरण, शुल्क भुगतान और विकल्प भरने की विस्तृत प्रक्रिया शामिल हैं। इससे उम्मीदवारों को आसानी से आवेदन भरने और काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद मिलती है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ट्यूटोरियल वीडियो में एमसीसी पोर्टल पर पंजीकरण और विकल्प भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया है। इससे उम्मीदवारों को काउंसलिंग के प्रत्येक चरण को समझने, सोच-समझकर निर्णय लेने और अपने आवेदन को सुचारू रूप से पूरा करने में सहायता मिलती है।

काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान सहायता के लिए उम्मीदवार टोल-फ्री नंबर 1800-102-7637 पर एमसीसी हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं या अपने प्रश्न mcc2026@gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *