insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

भारत-फिजी संयुक्त कार्य समूह की दूसरी द्विपक्षीय बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई

भारत और फिजी के बीच द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक 28 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित हुई। इस बैठक के दौरान दोनों देशों ने आपसी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की। इनमें सैन्य प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग, समुद्री सुरक्षा, साइबर प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग व भारत तथा फिजी की सशस्त्र सेनाओं के बीच संस्थागत सहयोग को और गहरा करना शामिल था।

भारत ने स्वतंत्र, खुले, समावेशी और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के अपने दृष्टिकोण में फिजी तथा प्रशांत द्वीपीय देशों के महत्व को दोहराया। दोनों पक्षों ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष व्यक्त किया तथा आपसी हित वाले क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) अमिताभ प्रसाद और फिजी के रक्षा एवं पूर्व सैनिक मामलों के स्थायी सचिव मेसन स्मिथ ने की। भारत-फिजी द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक के दौरान मेसन स्मिथ ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत मुख्य रूप से द्विपक्षीय रक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित रही। इस दौरान रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर भी चर्चा हुई।

फिजी का प्रतिनिधिमंडल विशेष सैन्य प्रशिक्षण सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 29 और 30 सितंबर, 2026 को कोच्चि का भ्रमण करेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल उन्नत नौसैनिक प्रशिक्षण सहयोग और पेशेवर विमानन प्रशिक्षण मॉड्यूल को औपचारिक रूप देने के लिए दक्षिणी नौसेना कमान की प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करेगा। इस पहल से दोनों देशों की समुद्री सेनाओं के बीच तकनीकी दक्षता व परिचालन समन्वय को और सशक्त करने में मदद मिलेगी।

मेसन स्मिथ ने आधिकारिक द्विपक्षीय वार्ता शुरू होने से पहले नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर भारत के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। फिजी के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित डीपीएसयू भवन का भी दौरा किया, जहां उन्हें भारत की स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षमताओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में हुई प्रगति को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनी के साथ-साथ उन्नत ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (एआर/वीआर) सिमुलेशन सुविधाओं का भी अवलोकन किया, जो वास्तविक युद्धक्षेत्र जैसी परिस्थितियों का अनुभव उपलब्ध कराती हैं।

भारत और फिजी के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व नागरिकों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। इस बैठक ने मौजूदा रक्षा साझेदारी को और सशक्त बनाने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। दोनों पक्ष नियमित संवाद जारी रखने तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और गहरा करने की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमत हुए।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *