भारत

भारत-फिजी संयुक्त कार्य समूह की दूसरी द्विपक्षीय बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई

भारत और फिजी के बीच द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक 28 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित हुई। इस बैठक के दौरान दोनों देशों ने आपसी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की। इनमें सैन्य प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग, समुद्री सुरक्षा, साइबर प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग व भारत तथा फिजी की सशस्त्र सेनाओं के बीच संस्थागत सहयोग को और गहरा करना शामिल था।

भारत ने स्वतंत्र, खुले, समावेशी और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के अपने दृष्टिकोण में फिजी तथा प्रशांत द्वीपीय देशों के महत्व को दोहराया। दोनों पक्षों ने रक्षा क्षेत्र में बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष व्यक्त किया तथा आपसी हित वाले क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) अमिताभ प्रसाद और फिजी के रक्षा एवं पूर्व सैनिक मामलों के स्थायी सचिव मेसन स्मिथ ने की। भारत-फिजी द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक के दौरान मेसन स्मिथ ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत मुख्य रूप से द्विपक्षीय रक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित रही। इस दौरान रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर भी चर्चा हुई।

फिजी का प्रतिनिधिमंडल विशेष सैन्य प्रशिक्षण सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत 29 और 30 सितंबर, 2026 को कोच्चि का भ्रमण करेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल उन्नत नौसैनिक प्रशिक्षण सहयोग और पेशेवर विमानन प्रशिक्षण मॉड्यूल को औपचारिक रूप देने के लिए दक्षिणी नौसेना कमान की प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करेगा। इस पहल से दोनों देशों की समुद्री सेनाओं के बीच तकनीकी दक्षता व परिचालन समन्वय को और सशक्त करने में मदद मिलेगी।

मेसन स्मिथ ने आधिकारिक द्विपक्षीय वार्ता शुरू होने से पहले नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर भारत के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। फिजी के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित डीपीएसयू भवन का भी दौरा किया, जहां उन्हें भारत की स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षमताओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में हुई प्रगति को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनी के साथ-साथ उन्नत ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (एआर/वीआर) सिमुलेशन सुविधाओं का भी अवलोकन किया, जो वास्तविक युद्धक्षेत्र जैसी परिस्थितियों का अनुभव उपलब्ध कराती हैं।

भारत और फिजी के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व नागरिकों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। इस बैठक ने मौजूदा रक्षा साझेदारी को और सशक्त बनाने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। दोनों पक्ष नियमित संवाद जारी रखने तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और गहरा करने की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमत हुए।

Editor

Recent Posts

भारत ने इस्लामिक सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में पारित प्रस्तावों को खारिज किया

भारत ने बगदाद में 17 और 18 अक्तूबर को हुई इस्लामिक सहयोग संगठन-ओआईसी के विदेश…

11 घंटे ago

भारत की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता 300 गीगावाट के पार

भारत ने गैर-जीवाश्म ईंधन से संचालित बिजली उत्पादन की क्षमता 300 गीगावाट का आंकड़ा पार…

11 घंटे ago

सीसीपीए ने विनियमित एवं खतरनाक विस्फोटक पदार्थों की ऑनलाइन सूचीबद्धता, होस्टिंग, विज्ञापन और बिक्री को सुगम बनाने के खिलाफ कार्रवाई की

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 और उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) नियम,…

11 घंटे ago

देश में आज महाअष्‍टमी और महानवमी मनाई जा रही है

देश में आज महाअष्‍टमी और महानवमी मनाई जा रही है। उत्‍तर प्रदेश में भी आज…

13 घंटे ago

इस्राएल के प्रधानमंत्री ने भारत, लैटिन अमरीका और अन्य देशों के साथ संबंध मजबूत करने का आह्वान किया

इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने भारत, लैटिन अमरीका और अन्य देशों के साथ संबंध…

13 घंटे ago

फ्रांस के राष्ट्रपति ने देश में हिंसक प्रदर्शनों से उत्‍पन्‍न सुरक्षा नाकामियों पर चिंता व्यक्त की, गृह मंत्री का इस्तीफा अस्वीकार किया

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने देश में हिंसक प्रदर्शनों से उत्‍पन्‍न सुरक्षा नाकामियों पर…

16 घंटे ago