insamachar

आज की ताजा खबर

second defence strategic dialogue between India and New Zealand was held in Wellington
Defence News भारत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में दूसरा रक्षा रणनीतिक संवाद आयोजित हुआ

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 24 अगस्त, 2026 को वेलिंगटन में दूसरा रक्षा रणनीतिक संवाद आयोजित हुआ। रक्षा संयुक्त सचिव श्री अमिताभ प्रसाद और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्रालय के उप सचिव श्री रिचर्ड श्मिट की सह-अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय वार्ता में समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने, संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण तथा समग्र रक्षा सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया।

दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने पिछले महीने दोनो देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच शिखर सम्मेलन में स्थापित साझा ढांचे के आधार पर, नवगठित रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की। एजेंडा के प्रमुख बिंदुओं में भारत-न्यूजीलैंड रणनीतिक साझेदारी रोडमैप 2030 में उल्लिखित रणनीतिक लक्ष्यों को लागू करना शामिल रहा।

दोनों देशों ने स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की प्रतिबद्धता जतायी। उन्होंने संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों, विभिन्न सैन्य बल कर्मियों को एक दूसरे के यहां भेजने और रक्षा स्टाफ कॉलेज साझेदारी समन्वय द्वारा नौसेना, वायु और थल इकाइयों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने की व्यापक समीक्षा की।

संवाद के साथ ही, भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने रणनीतिक तालमेल बेहतर बनाने के लिए न्यूजीलैंड रक्षा बल और वहां के रक्षा मंत्रालय के प्रमुख नेतृत्व के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने न्यूजीलैंड रक्षा बल के उप प्रमुख, न्यूजीलैंड संयुक्त बल के कमांडर और कैपेबिलिटी डिलीवरी उप सचिव के साथ सार्थक चर्चा की। इन बैठकों का उद्देश्य संयुक्त पूंजीगत खरीद संबंधी जानकारी प्राप्त करना, एक दूसरे के परिचालन ढांचे को समझना और आगामी परियोजनाओं के लिए सुचारू समन्वय रहा।

बैठक में नियमित तौर पर उच्च-स्तरीय और मंत्रिस्तरीय यात्राओं पर पारस्परिक सहमति व्यक्त की गई। दोनों देशों ने विश्वास व्यक्त किया कि संवाद के दौरान उठाए गए कदम रक्षा और सुरक्षा समन्वय बढ़ाएंगे, जिससे यह द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख स्तंभ बनेगा।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *