insamachar

आज की ताजा खबर

Manu Bhaker
खेल मुख्य समाचार

ब्रेकिंग न्यूज़: पेरिस ओलंपिक में निशानेबाज मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता

पेरिस ओलंपिक में निशानेबाज मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता।

स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने रविवार को यहां महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत के पदक का खाता खोला और ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं। मनु ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 221.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रपति, उप-राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने मनु भाकर को बधाई दी 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेरिस ओलिम्पिक्स 2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका खोलने के लिए मनु भाकर को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि वे निशानेबाजी स्पर्धा में ओलिम्पिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने कहा कि मनु भाकर पर भारत को गर्व है। उनकी यह जीत बहुत से खिलाड़ियों विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी। राष्ट्रपति ने भविष्य में मनु भाकर को नई ऊंचाइयां छूने की शुभकामना दी।

उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने पेरिस ओलंपिक में कांस्‍य पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई दी है। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि मनु भाकर ने पेरिस में न केवल भारत के लिए पहला पदक जीता है बल्कि वे निशानेबाजी में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। जगदीप धनखड ने कहा कि उनकी उस उपलब्‍धि से ऐसी अनगिनत युवतियां प्रेरित होंगीं जो ओलंपिक में भारत का तिरंगा फहराना चाहती हैं।  

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक पदक है। यह एक अतुलनीय उपलब्धि है। यह सफलता कहीं अधिक विशेष महत्व रखती है। मनु भाकर भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं।   

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *