झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज
झारखंड में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन जोर पकड़ रहा है। आंदोलनकारी छात्रों ने आगामी मानसून सत्र के दौरान अपनी मांगों को मनवाने के लिए झारखंड विधानसभा का घेराव करने की योजना की घोषणा की है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विद्यार्थियों ने संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है।
राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने कल से शुरु हो रहे मॉनसून सत्र के दौरान विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। छात्रों का कहना है कि उन्हें किसी का इस्तीफा नहीं, बल्कि संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर राज्य के बाहर के हाई कोर्ट के रिटायर्ड जजों से न्यायिक जांच चाहिए। छात्रों ने सीआईडी जांच को नाकाफी बताया है। छात्रों के विधानसभा घेराव के ऐलान के बाद सीआईडी की कार्रवाई और तेज हो गयी है। सीआईडी ने इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।





