केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीएसआईआर के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज लखनऊ स्थित सीएसआईआर-केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई) में अत्याधुनिक बायोसेफ्टी लेवल-3 (बीएसएल-3)/एनिमल बायोसेफ्टी लेवल-3 (एबीएसएल-3) सुविधा और डॉ. बी. मुखर्जी व्याख्यान सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि देश नवाचार आधारित दवाओं की खोज और विकास का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत को दुनिया में जेनेरिक दवाओं के प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी स्थापित पहचान से आगे बढ़कर नई और नवाचार आधारित दवाओं की खोज तथा विकास में अग्रणी बनना होगा। इस दिशा में स्वदेशी अनुसंधान, नैदानिक विकास और उद्योगों के साथ साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि यह बदलाव भारत के औषधि क्षेत्र में नेतृत्व को मजबूत करने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीडीआरआई की निदेशक डॉ. राधा रंगराजन, सीएसआईआर-सीमैप के निदेशक डॉ. प्रबोध के. त्रिवेदी, सीएसआईआर-सीडीआरआई की पूर्व निदेशक डॉ. मधु दीक्षित, जबलपुर स्थित आईसीएमआर-राष्ट्रीय जनजातीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई और लखनऊ के मेदांता अस्पताल के प्रतिनिधियों के अलावा वैज्ञानिक, शोधकर्ता, विद्यार्थी, तकनीकी और गैर-तकनीकी कर्मचारी तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
नई बीएसएल-3/एबीएसएल-3 सुविधा में माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस और गैर-ट्यूबरकुलस माइकोबैक्टीरिया (एनटीएम) जैसे संक्रामक जीवाणुओं पर सुरक्षित वातावरण में अनुसंधान किया जा सकेगा। इससे गंभीर संक्रामक रोगों पर शोध करने की संस्थान की क्षमता मजबूत होगी। डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जनजातीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय और मेदांता अस्पताल के साथ सीएसआईआर-सीडीआरआई के सहयोग समझौतों का भी स्वागत किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन साझेदारियों से संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा, शोध के परिणामों को मरीजों तक पहुंचाने में तेजी आएगी और समाज को लाभ होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार देश के विकास के प्रमुख आधार बन गए हैं। सरकार ऐसे अनुसंधान को प्राथमिकता दे रही है, जो आम लोगों की जरूरतों को पूरा करे और उनके लिए उपयोगी समाधान उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि दवाओं की खोज और नैदानिक विकास से लेकर जांच तकनीकों, औषधि निर्माण प्रक्रियाओं और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं तक सीएसआईआर-सीडीआरआई का योगदान इसका अच्छा उदाहरण है।
सीएसआईआर-सीडीआरआई अब तक 13 ऐसी दवाएं विकसित कर चुका है, जो बाजार में उपलब्ध हैं। संस्थान ने 80 से अधिक प्रक्रिया प्रौद्योगिकियों और छह जांच तकनीकों का लाइसेंस दिया है। इसके अलावा, 12 हजार से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और 456 से अधिक अंतरराष्ट्रीय तथा 586 भारतीय पेटेंट दाखिल किए हैं। संस्थान के पास लगभग 90 हजार अणुओं का संग्रह, 50 से अधिक पशु मॉडल और 30 से अधिक प्रयोगशाला आधारित जांच प्रणालियां हैं। यहां उन्नत विश्लेषण उपकरणों के साथ दवाओं की सुरक्षा और विषाक्तता की जांच के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सीडीआरआई के योगदान का उल्लेख करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने सेंटक्रोमैन का उदाहरण दिया, जिसे ऑरमेलोक्सीफीन के नाम से भी जाना जाता है। यह संस्थान द्वारा विकसित गैर-स्टेरॉयड आधारित गर्भनिरोधक दवा है, जिसे सप्ताह में एक बार मुंह से लिया जाता है। वर्ष 2016 में इसे राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम में शामिल किया गया था। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से देशभर में महिलाओं को इसकी तीन करोड़ पचास लाख से अधिक स्ट्रिप्स मुफ्त वितरित की गई हैं। वर्तमान में पांच लाख से अधिक महिलाएं इसका उपयोग कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सीडीआरआई की दवा विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें पिक्रोराइजा कुरोआ का मानकीकृत अर्क शामिल है। इसका उपयोग गैर-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग (एमएएसएलडी) के उपचार के लिए विकसित किया जा रहा है। इसका तीसरे चरण का नैदानिक परीक्षण पूरा हो चुका है। संस्थान की खोजी गई दो अन्य दवाएं- एल-ऑरमेलोक्सीफीन, जो गर्भनिरोध के लिए है। एस007-1500, जो हड्डियों के फ्रैक्चर को ठीक करने के लिए है, पहले चरण के नैदानिक परीक्षण में पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा, संस्थान मलेरिया, कैंसर, नसों से जुड़े दर्द और उम्र बढ़ने के कारण आंखों के मैक्युला को होने वाले नुकसान सहित कई बीमारियों पर भी अनुसंधान कर रहा है। कैंसर और पार्किंसन रोग के लिए पौधों पर आधारित औषधियों के विकास पर भी काम किया जा रहा है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत दवा उत्पादन की मात्रा के आधार पर दुनिया में तीसरे और मूल्य के आधार पर 11वें स्थान पर है। भारत जेनेरिक दवाओं के सबसे बड़े आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है और अफ्रीका की 50 प्रतिशत से अधिक तथा अमरीका की लगभग 40 प्रतिशत जेनेरिक दवाओं की मांग पूरी करता है। उन्होंने कहा कि अब भारत के दवा उद्योग को केवल जेनेरिक दवाओं के निर्माण तक सीमित न रहकर नई और प्रभावी दवाओं की खोज तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि नई दवाओं की खोज और विकास एक जटिल, महंगी और जोखिम भरी प्रक्रिया है। इसके लिए लंबे समय तक निवेश और प्रतिबद्धता की जरूरत होती है। राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों को अत्याधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान, नए लक्ष्यों और उपचार के तरीकों की खोज तथा ठोस शोध परिणामों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, दवा कंपनियों को इन खोजों को आगे बढ़ाकर उनके नैदानिक परीक्षण और व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की बेहतर व्यवस्था और शुरुआती स्तर पर उद्योगों की भागीदारी से प्रयोगशाला में हुए अनुसंधान को मरीजों तक पहुंचाया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने जायडस, सिप्ला, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, हिमालया, थेमिस मेडिकेयर और कई स्टार्टअप के साथ सीडीआरआई के सहयोग की सराहना की। उन्होंने संस्थान से दवा उद्योग के लिए अनुसंधान और नवाचार के प्रमुख भागीदार के रूप में अपनी भूमिका और मजबूत करने का आग्रह किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने दवाओं की खोज में नई तकनीकों के उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, कंप्यूटेशनल विज्ञान और आर्टफिशल इन्टेलिजन्स के एकीकरण से दवाओं की खोज की प्रक्रिया में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने वैज्ञानिकों से नए विचारों के साथ महत्वाकांक्षी अनुसंधान करने और चिकित्सकों, अस्पतालों तथा उद्योगों के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दवाओं की खोज और विकास के हर चरण में मरीज ही सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने वैज्ञानिक क्षमता निर्माण में सीडीआरआई के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्थान अब तक दो हजार से अधिक पीएचडी शोधार्थियों और दस हजार से अधिक प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दे चुका है। उन्होंने कहा कि कुशल शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ और नियामक क्षेत्र के जानकार किसी भी मजबूत नवाचार व्यवस्था के लिए आवश्यक हैं। सीडीआरआई से प्रशिक्षित पेशेवरों का शिक्षा, स्टार्टअप, उद्योग और अनुसंधान संस्थानों में योगदान देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि सीएसआईआर-सीडीआरआई स्वदेशी दवा अनुसंधान और विकास की भारत की क्षमता को लगातार मजबूत करता रहेगा और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के कथन- “सपने देखो, सपने विचारों में बदलते हैं और विचार कार्य का रूप लेते हैं” का उल्लेख करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय से बड़े सपने देखने, वैज्ञानिक विचारों को नई खोजों में बदलने और लोगों का जीवन बेहतर बनाने तथा बचाने वाली दवाएं विकसित करने का आह्वान किया।
नीलगिरि श्रेणी (परियोजना 17ए) का सातवां एवं अंतिम युद्धपोत ‘विंध्यगिरि’ (यार्ड संख्या 3024) 27 नवंबर,…
राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (एनबीए) ने 28 राज्यों और 4 केन्द्र शासित प्रदेशों में जैव…
भारतीय रेल को आज उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की 6.59 किलोमीटर…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में आयोजित आईओआरए मंत्रिपरिषद की 25वीं बैठक में…
बैंकिंग प्रणाली में तरलता संकट के बीच भारतीय रिज़र्व बैंक-आरबीआई ने न्यूनतम दैनिक नकद आरक्षित…
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और अशोका विश्वविद्यालय ने 27 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली…