केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भलस्वा डंपसाइट का निरीक्षण किया; पुराने कचरे के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज भलस्वा डंपसाइट का निरीक्षण किया। उन्होंने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा पुराने कचरे को हटाने और उसके निपटान के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुराने कचरे को हटाने के काम में तेजी लाने और इसकी प्रगति की निगरानी करना है, जो सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है। यह निरीक्षण दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
मौके पर निरीक्षण के दौरान, एमसीडी ने माननीय मंत्री को बताया किया कि 31 जुलाई 2026 तक भलस्वा डंपसाइट पर 99.07 लाख एमटी पुराने कचरे का निस्तारण कर दिया गया है और शेष कचरे के ढेर को 15 अक्टूबर 2026 तक हटाये जाने की उम्मीद है, जबकि मार्च 2026 तक एकत्रित कचरे को 31 दिसंबर 2026 तक हटाने का लक्ष्य है।
माननीय मंत्री ने एमसीडी को निर्देश दिया कि लैंडफिल साइट पर आने वाले ताजे कचरे की प्रोसेसिंग के लिए हाल ही में सौंपे गए कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि कचरे के निस्तारण की गति और बढ़ सके। साथ ही, आने वाले कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन बिना किसी देरी के सुनिश्चित किया जा सके।
यह निरीक्षण इस तथ्य को रेखांकित करता है कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय पुराने कचरे को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हटाने और भलस्वा डंपसाइट को पूरी तरह से साफ करने को निरंतर प्राथमिकता दे रहा है।





