insamachar

आज की ताजा खबर

Union Minister of Commerce and Industry Piyush Goyal held interactions with regional chambers to strengthen India-Canada trade cooperation and investment partnership.
बिज़नेस

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-कनाडा व्यापार सहयोग और निवेश साझेदारी को सुदृढ़ करने के लिए क्षेत्रीय चैंबरों के साथ परस्‍पर बातचीत की

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 28 मई, 2026 को कनाडा की अपनी तीन दिवसीय अत्यंत सफल और ऐतिहासिक दौरे का समापन किया। इस यात्रा के दौरान टोरंटो में शिक्षा जगत, नवाचार, सरकार, व्यापार परिषदों, संस्थागत निवेशकों और भारतीय प्रवासी समुदाय से संबंधित कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों ने भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी की निरंतर गति को सुदृढ़ किया और निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारियों के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में भारत के उदय को रेखांकित किया।

दिन की शुरुआत केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के टोरंटो विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मुंक स्कूल ऑफ ग्लोबल अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी में संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं और छात्रों को संबोधित करने के साथ हुई। यह विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय संबंधों और लोक नीति के अध्ययन के लिए विश्व के अग्रणी संस्थानों में से एक है। पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तीव्र आर्थिक प्रगति, परिवर्तनकारी सुधारों और बढ़ते वैश्विक नेतृत्व की चर्चा की। उन्होंने भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और जन-संबंधों को और मजबूत करने के लिए शिक्षाविदों, उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के बीच गहन सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

पीयूष गोयल ने इसके बाद ओंटारियो सेंटर ऑफ इनोवेशन (ओसीआई) का दौरा किया और नवाचार को बढ़ावा देने, स्टार्टअप्स को समर्थन देने और उद्योग, शिक्षा जगत और सरकार के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए ओसीआई की व्यापक पहलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कनाडा-इंडिया टेक कनेक्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग सहित प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों पर सार्थक चर्चा में भी भाग लिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, पीयूष गोयल ने भारत के फलते-फूलते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्‍टम पर प्रकाश डाला और बताया कि कनाडा इन उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में सार्थक साझेदारी कैसे कर सकता है। उन्होंने एआई, क्लीनटेक, एग्रीटेक और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की अपार संभावनाओं को भी रेखांकित किया और कहा कि ये ऐसे सेक्‍टर हैं जिनमें दोनों देशों की पूरक क्षमताएं हैं।

पीयूष गोयल ने भारत-कनाडा कॉरिडोर में कार्यरत क्षेत्रीय चैंबरों के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक बातचीत की और व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने और निवेश प्रवाह को बढ़ावा देने के तरीकों पर रचनात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त की। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और लोगों के बीच परस्‍पर संबंध को सुदृढ करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और द्विपक्षीय संबंधों में आई नई गति और चल रही सीईपीए वार्ता से उभरने वाले महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला।

एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में, पीयूष गोयल ने ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड से मुलाकात की और भारत-ओंटारियो सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाया और द्विपक्षीय व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

पीयूष गोयल ने कनाडा बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष और सीईओ गोल्डी हैदर के साथ एक सार्थक बैठक की। चर्चा का मुख्य विषय भारत-कनाडा के बीच वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करना और प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में उद्योग-नेतृत्व वाली साझेदारियों को बढ़ावा देना था। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच व्यापार-संबंधों को बढ़ाने में भारत-कनाडा सीईओ फोरम की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया।

पीयूष गोयल ने ओंटारियो टीचर्स पेंशन प्लान की अध्यक्ष और सीईओ जो टेलर से मुलाकात की और बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। उन्‍होंने भारत की मजबूत विकास क्षमता और विनिर्माण क्षेत्र सहित भारतीय उद्यमों के साथ साझेदारी के महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला, साथ ही सतत और समावेशी विकास का समर्थन करने की बात कही।

पीयूष गोयल ने सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स के अध्यक्ष और सीईओ जॉन ग्राहम से भी मुलाकात की और बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्‍स, नवीकरणीय ऊर्जा, परिवहन, वित्तीय सेवाओं और डिजिटल बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने बुनियादी ढांचे, रियल एस्टेट और वित्तीय सेवाओं में किए गए महत्वपूर्ण निवेशों में परिलक्षित भारत की विकास गाथा में सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स के अटूट भरोसे का स्वागत किया, जो भारत की आर्थिक बुनियाद और भविष्य की क्षमता में वैश्विक स्तर पर मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

पीयूष गोयल ने भारत की वैश्विक आर्थिक उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए अपने साथ आए भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक चर्चा की। उन्होंने व्यवसायों को स्वच्छ ऊर्जा, एयरोस्पेस, खाद्य प्रसंस्करण, महत्वपूर्ण खनिज, अवसंरचना और प्रौद्योगिकी जैसे सेक्‍टरों में साझेदारी और निवेश के अवसरों का सक्रिय रूप से पता लगाने के लिए प्रोत्साहित किया, जिनमें सतत विकास और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। पीयूष गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की बढ़ती वैश्विक आर्थिक स्थिति भारतीय उद्योग के लिए विश्व स्तर पर नए रास्ते खोल रही है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि भारत सरकार उद्यमों को भारत की विकास गाथा को विश्व तक पहुंचाने में सहयोग देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

पीयूष गोयल ने कनाडा-भारत फाउंडेशन के सदस्यों के साथ सार्थक वार्तालाप के साथ कनाडा की अपनी तीन दिवसीय यात्रा का समापन किया। उन्होंने व्यापारिक सहयोग और लोगों के बीच परस्‍पर संबंधों को मजबूत करके दोनों देशों को निकट लाने में भारत-कनाडा समुदाय के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।

पीयूष गोयल के नेतृत्व में 100 से अधिक भारतीय उद्योगपतियों ने कनाडा की यात्रा की, जो भारत-कनाडा आर्थिक संबंधों के पूर्ण पुनरुद्धार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। तीन दिवसीय इस यात्रा में 25 मई को ओटावा और 26 से 28 मई तक टोरंटो का दौरा शामिल था। इसका उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाना था, जिसमें भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए चल रही वार्ताओं में तेजी लाना विशेष रूप से महत्वपूर्ण था।

वर्तमान में द्विपक्षीय व्यापार लगभग 8.5 बिलियन डॉलर पर है और दोनों सरकारें 2030 तक इसे 50 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने के अपने साझा और महत्वाकांक्षी लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *