भारत

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार ने हैदराबाद के इब्राहिमपटनम स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) परिसर में 48 नवनिर्मित पारिवारिक आवासों का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार ने हैदराबाद के इब्राहिमपटनम स्थित सशस्त्र सीमा बल परिसर में 48 नवनिर्मित पृथक पारिवारिक आवासों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल संजय सिंघल, गृह मंत्रालय और बल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बल के जवान और उनके परिवारजन उपस्थित थे।
केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाओं और Housing Satisfaction Ratio में वृद्धि मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। SSB में अब तक 10,029 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है और 1,273 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि ये आवास केवल भवन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित सशस्त्र सीमा बल के जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और संतुष्ट परिवार ही आत्मविश्वासी जवान की सबसे बड़ी ताकत है।

बंडी संजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में गृह मंत्रालय, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की परिचालन क्षमता, आधुनिकीकरण, आधारभूत संरचना और कार्मिक कल्याण को निरंतर सुदृढ़ करने के प्रति कटिबद्ध है।

गृह राज्यमंत्री ने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसएसबी के 51 वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में सशस्त्र सीमा बल, खुली अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की प्रभावी सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रतिक्रिया और सीमावर्ती क्षेत्रों में जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान की लगभग 2,450 किलोमीटर लंबी खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहा है। सुरक्षा, सतर्कता और संवेदनशीलता के संतुलन के साथ बल, मादक पदार्थों, हथियारों, मानव तस्करी, अवैध आव्रजन, जाली मुद्रा, वन्यजीव अपराध और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। वर्ष 2025-26 में SSB ने 661 मानव तस्करी पीड़ितों को मुक्त कराया तथा 6,324 अवैध अपराधियों को गिरफ्तार किया।

बदलते सुरक्षा परिदृश्य में SSB, तकनीक-सक्षम, खुफिया-प्रधान और मिशन-ओरिएंटेड सीमा प्रबंधन को निरंतर मजबूत कर रहा है। ड्रोन, CCTV, थर्मल इमेजर, नाइट विजन उपकरण, GPS आधारित गश्त, सुरक्षित डिजिटल संचार तथा GIS आधारित योजना निर्माण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग बल की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

सीमा सुरक्षा के अतिरिक्त SSB आंतरिक सुरक्षा, उग्रवाद-रोधी अभियानों, चुनाव ड्यूटी, कानून एवं व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बल के 18 राहत एवं बचाव दल प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, खोज एवं बचाव तथा मानवीय सहायता के लिए तत्पर रहते हैं।

देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में “Win Hearts and Minds” की भावना के अनुरूप चिकित्सा शिविर, कौशल विकास, खेल, महिला सशक्तिकरण, जागरूकता एवं आजीविका संबंधी कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के साथ विश्वास और सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है। मधुमक्खी पालन जैसी पहल स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार से जोड़ रही हैं।

Editor

Recent Posts

गृह मंत्री अमित शाह ने वडोदरा में आयोजित ‘विश्व कल्याण महोत्सव’ को संबोधित किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज षष्ठपीठाधीश्वर परम पूज्य गोस्वामी 108 श्री…

2 घंटे ago

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर दीप प्रज्वलित किया गया

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद आज शाम 5 बजे मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर…

2 घंटे ago

भारतीय रेलवे ने सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना की 5.3 किलोमीटर लंबी सुरंग नंबर 10 में एक बड़ी सफलता हासिल की

भारतीय रेलवे ने 27 नवंबर 2026 को सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में एक बड़ी…

2 घंटे ago

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0′ का शुभारंभ किया

महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र…

2 घंटे ago

जूट आयुक्त ने जूट बेलरों, स्टॉकिस्टों, व्यापारियों और जूट मिलों के लिए कच्चे जूट पर स्टॉक सीमा लगाई

जूट आयुक्त, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 नवंबर 2026 को एक आदेश जारी किया…

4 घंटे ago