केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और दिवाली तथा छठ के त्योहारों के समय बढ़ने वाली भीड़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने यात्रियों से बातचीत करके सुविधाओं के बारे में उनका फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान प्रति वर्ष सबसे अधिक भीड़ होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, सेवाओं में सुधार करने और यात्रियों को अधिक से अधिक सहूलियत देने के लिए लगातार काम कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त विशेष रेलगाडि़यां चलाई गई हैं और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिक जवानों की तैनाती की गई है। निगरानी और सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि स्टेशन पहुंचने के बाद यात्री कम से कम समय में अपनी रेलगाड़ी तक पहुंच सकें।
भारतीय रेलवे त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए व्यापक प्रयास कर रही है। इनमें प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के रुकने के लिए विशेष स्थान, टिकट बुकिंग की अतिरिक्त व्यवस्था, सामान की जांच, पीने के पानी की सुविधा और साफ-सुथरे शौचालय जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह है कि अत्यधित भीड़ के समय भी यात्रियों को व्यवस्थित और आरामदायक यात्रा का अनुभव हो।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया की बेहतर व्यवस्था
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर, पिछले वर्ष अनारक्षित यात्रियों के लिए शुरू की गई सुविधा के अलावा, अब आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए भी एक अलग होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यात्रियों के प्रवेश और आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए अब एक साझा होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। सामान की जांच की सुविधा को भी स्टेशन भवन के बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे स्टेशन के अंदर पहले टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले स्थान पर अब एक आरामदायक प्रतीक्षालय (वेटिंग एरिया) बना दिया गया है। इन व्यवस्थाओं से भीड़ कम करने और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलने के साथ ही यात्रियों को अपने संबंधित प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले एक सुविधाजनक वेटिंग एरिया उपलब्ध होता है।
प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की अत्यधिक आवाजाही
नई दिल्ली (एनडीएलएस), पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल (एएनवीटी), हज़रत निज़ामुद्दीन और सराय रोहिल्ला सहित दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर 2026 तक लगभग 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। आम तौर पर यहां रोज़ाना औसतन लगभग 5 लाख यात्री आते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर 2026 तक के अत्यधिक व्यस्त समय के दौरान यह संख्या बढ़कर रोज़ाना औसतन लगभग 8 लाख हो गई।
बांद्रा टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) सहित मुंबई क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक कुल मिलाकर लगभग 1.5 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां रोज़ाना औसतन लगभग 4 लाख यात्री आते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर 2026 तक के अत्यधिक व्यस्त समय के दौरान यह संख्या बढ़कर रोज़ाना औसतन लगभग 5 लाख हो गई।
सिकंदराबाद, काचेगुडा और चार्लापल्ली सहित हैदराबाद क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच लगभग 90 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां रोज़ाना औसतन लगभग 2.5 लाख यात्री आते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर 2026 तक के अत्यधिक व्यस्त समय के दौरान यह संख्या बढ़कर रोज़ाना औसतन लगभग 4 लाख हो गई।
बेंगलुरु सिटी, सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीबी), यशवंतपुर और येलाहंका सहित बेंगलुरु क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां रोज़ाना औसतन लगभग 2.5 लाख यात्री आते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर 2026 तक के अत्यधिक व्यस्त समय के दौरान यह संख्या बढ़कर रोज़ाना औसतन लगभग 3.5 लाख हो गई।
सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर 2026 तक कुल मिलाकर लगभग 50 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां रोज़ाना औसतन लगभग 1 लाख यात्री आते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर 2026 तक के अत्यधिक व्यस्त समय के दौरान यह संख्या बढ़कर रोज़ाना औसतन लगभग 1.6 लाख हो गई।
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, सुरक्षा अवसंरचना को सुदृढ़ करने और अपने अनुभवों तथा यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर परिचालन में सुधार लाने पर लगातार ध्यान दे रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य त्योहारों के समय में यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी-मुक्त यात्रा सुनिश्चित करना है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज षष्ठपीठाधीश्वर परम पूज्य गोस्वामी 108 श्री…
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद आज शाम 5 बजे मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर…
भारतीय रेलवे ने 27 नवंबर 2026 को सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में एक बड़ी…
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र…
जूट आयुक्त, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 नवंबर 2026 को एक आदेश जारी किया…
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम…