अमेरिका ने चीन की तेल रिफाइनरी, शिपिंग कंपनियों और ईरान से तेल ढुलाई में शामिल टैंकरों पर प्रतिबंध लगाया
अमेरिका ने चीन की एक बड़ी तेलशोधक कंपनी हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी और ईरान के तेल की ढुलाई से जुड़ी लगभग 40 कंपनियों और टैंकरों पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। ये कदम ईरान से तेल निर्यात को सीमित करने के लिए उठाया गया है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कुछ सप्ताह बाद ही अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के बीच चीन में बैठक होनी है।
हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी की क्षमता लगभग चार लाख बैरल प्रति दिन है। अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह रिफाइनरी वर्ष 2023 से ईरान से कच्चा तेल खरीद रही है जिससे ईरान को करोड़ों डॉलर मिले हैं।
गौरतलब है कि अमेरिका वैश्विक कच्चे तेल की ढुलाई लिए महत्वपूर्ण जलमार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी जारी रखे हुए है।





