मत्स्य पालन विभाग, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में एक ओरिएंटेशन बैठक के साथ, भारत की जलीय पशु स्वास्थ्य सेवाओं (एएएचएस) के लिए ‘वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन फॉर एनिमल हेल्थ’ (डब्ल्यूओएएच) के ‘पशु चिकित्सा सेवाओं के प्रदर्शन’ (पीवीएस) मूल्यांकन की शुरुआत की। यह मिशन जलीय पशु स्वास्थ्य प्रशासन को मजबूत करने और इसकी प्रणालियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मानकों और सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप ढालने के भारत के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
ओरिएंटेशन बैठक की अध्यक्षता मत्स्य विभाग की संयुक्त सचिव (अंतर्देशीय मत्स्य पालन) और डब्ल्यूओएएच नेशनल फोकल पॉइंट (जलीय जीव) – भारत, गुंजन कृष्णन; आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) डॉ. जे. के. जेना; सचिव, तटीय जलीय कृषि प्राधिकरण के के. सी. देवसेनापति; डब्ल्यूओएएच पीवीएस मिशन की टीम लीडर एना लुइसा दा सिल्वा अफोंसो और मत्स्य विकास आयुक्त, मत्स्य विभाग के के. मोहम्मद कोया ने की। बैठक में आईसीएआर के मत्स्य अनुसंधान संस्थानों, राज्य मत्स्य विभागों, एमपीईडीए, निर्यात निरीक्षण परिषद, एफएसएसएआई, बीआईएस, पशुपालन एवं डेयरी विभाग और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, गुंजन कृष्णन ने भारत के जीवंत मत्स्य पालन और जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) क्षेत्र पर प्रकाश डाला और जलीय पशु स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए देश के संस्थागत, विधायी और नियामक ढांचे की रूपरेखा प्रस्तुत की। एना लुइसा दा सिल्वा अफोंसो ने इस बात पर जोर दिया कि यह मूल्यांकन भारत को प्राथमिकताएं तय करने और डब्ल्यूओएएच मानकों तथा अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप रणनीतिक योजनाएं विकसित करने में मदद करेगा।
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में जलीय पशु स्वास्थ्य प्रशासन के प्रमुख पहलुओं को शामिल किया गया, जिनमें अनुसंधान और विकास, बीमारी की निगरानी, क्षमता निर्माण, व्यापार सुगमता, निर्यात गुणवत्ता आश्वासन, खाद्य सुरक्षा, नियामक अनुपालन, तथा जलीय कृषि में इस्तेमाल होने वाले इनपुट और चारे से संबंधित मानक शामिल हैं।
डब्ल्यूओएएच पीवीएस पाथवे एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त ढांचा है, जिसे देशों को साक्ष्य-आधारित और स्वतंत्र मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से पशु चिकित्सा सेवाओं और जलीय जीव स्वास्थ्य सेवाओं का आकलन करने और उन्हें मजबूत करने में सहायता देने के लिए डिजाइन किया गया है। इस मूल्यांकन में चार मुख्य क्षेत्रों की जांच की जाती है: मानवीय, भौतिक और वित्तीय संसाधन; तकनीकी अधिकार और क्षमता; हितधारकों की भागीदारी; तथा विनियामक क्षमता और बाजार तक पहुंच।
इस मिशन के हिस्से के रूप में, डब्ल्यूओएएच की विशेषज्ञ टीम 27 नवंबर से 9 दिसंबर 2026 तक कई राज्यों में एक्वाकल्चर फार्मों, मत्स्य पालन प्रतिष्ठानों, अनुसंधान संस्थानों, जलीय जीवों की बीमारियों की जांच करने वाली प्रयोगशालाओं और गुणवत्ता नियंत्रण सुविधाओं का दौरा करेगी।
इस स्वैच्छिक मूल्यांकन से क्षमता बढ़ाने, लक्षित निवेश करने और संस्थागत ढांचे को मजबूत करने की प्राथमिकताओं की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे बीमारियों की रोकथाम और निगरानी में सुधार, ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण के तहत बेहतर सहयोग, व्यापारिक साझेदारों के बीच विश्वास में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय सीफूड व्यापार को और अधिक सुगम बनाने में भी मदद मिलेगी।
डब्ल्यूओएएच पीवीएस मूल्यांकन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे वह जलीय पशु स्वास्थ्य प्रणालियों को और मजबूत कर सकता है, मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र के सतत विकास को समर्थन दे सकता है, और एक जिम्मेदार तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी मत्स्य राष्ट्र के रूप में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ कर सकता है।





