insamachar

आज की ताजा खबर

India will host the 18th BRICS Summit in New Delhi from September 11 to 13.
भारत मुख्य समाचार

नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन कल भारत मंडपम में शुरू होगा

नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन कल भारत मंडपम में शुरू होगा। दो दिन तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रीय राजधानी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ब्रिक्स में ग्यारह प्रमुख उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं की भागीदारी हैं। जिसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, भारत, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय है- “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण।”

शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फताह अस्सीसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन हिस्सा लेंगे। अबू धाबी के युवराज शेख खालेद-बिन-मोहम्मद-बिन-जायद-अल-नहयान और इथियोपिया के प्रधानमंत्री आबी अहमद अली भी सम्मेलन में भाग लेंगे। ब्राजील का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री माउरु वीएइरा करेंगे, जबकि सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल-बिन-फरहान-अल-सऊद सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग भी सम्मेलन में भाग लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस और न्यू डेवलपमेंट बैंक की अध्यक्ष डिल्मा रूसेफ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना है। रूस के राष्ट्रपति और ब्राजील के विदेश मंत्री कल रात नई दिल्ली पहुंच गए। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति आज सुबह राजधानी पहुंचेंगे।

ईरान, इंडोनेशिया, मिस्र, फिलीपींस और बुरुंडी के राष्ट्राध्यक्ष, अबू धाबी के युवराज तथा मलेशिया और इथियोपिया के प्रधानमंत्री भी आज बाद में नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिखर सम्मेलन से अलग कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *