श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आज देश-विदेश में पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है
सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आज देश-विदेश में पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में कार्तिक महीने की पूर्णिमा के दिन लाहौर के निकट राय भोई की तलवंडी में हुआ था। जिसे अब ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है।
इस पवित्र मौके पर, सुबह से ही देश भर के गुरुद्वारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेक रहे हैं। पंजाब के सुल्तानपुर लोधी स्तिथ गुरुद्वारा बेर साहिब भजनों से गूंज रहा है। यहाँ और अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब सहित और गुरुद्वारों में भी कीर्तन दरबार और गुरबानी विचार चल रहे हैं। कई जगहों पर लंगर भी लगाए गए हैं। भारत से सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था भी गुरु नानक देव जी के जन्म स्थान गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, जो अब पाकिस्तान में है, वहां माथा टेकने पहुंचा है। शाम को श्री हरमंदिर साहिब और दूसरे गुरुद्वारों में दीपमाला और आतिशबाजी की जाएगी।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देशभर के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा; “श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन करती हैं। उनका संदेश हमें करुणा, एकजुटता और सर्वकल्याण पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे।”





