गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया
गृह मंत्री अमित शाह ने आज तेज बारिश, बाढ़ जैसी स्थिति और भूस्खलन से प्रभावित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर उन्हें केंद्र की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से राज्य में तेज बारिश और बाढ़ को लेकर बात की। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार संकट से निपटने में महाराष्ट्र सरकार की हर संभव सहायता करेगी। पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कई हिस्से तेज वर्षा से प्रभावित हैं।
गृह मंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से राज्य में तेज बारिश और जलभराव से उत्पन्न स्थिति के बारे में भी बात की और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वायनाड आपदा के संबंध में उनसे फोन पर बात की। वी. डी. सतीशन ने कहा कि अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया और राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। केरलम के मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह मंत्री ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता पर बल दिया।





