भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में वर्ष 2028-29 के कार्यकाल के लिए आधिकारिक रूप से चुनाव अभियान शुरू किया
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में वर्ष 2028-29 के कार्यकाल के लिए चुनाव अभियान आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया है। विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत की उम्मीदवारी पेश करते हुए ‘शांति’ दृष्टिकोण का अनावरण किया। विदेश मंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
शांति रक्षा, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम रही है। भारत ने इस जिम्मेदारी के निर्वहन में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। अब तक भारत ने विश्वभर में लगभग 50 शांति मिशनों में लगभग 3,00,000 शांति रक्षकों की तैनाती की है। वर्तमान में, भारत के 4,300 शांति रक्षक 11 सक्रिय शांति मिशनों में से 10 मिशनों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉक्टर जयशंकर ने सदस्य देशों से भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करने की अपील की।
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कल न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतरेस से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने पश्चिम एशिया, यूक्रेन और सूडान सहित वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच मजबूत सहयोग को भी स्वीकार किया।





