दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु ने पहली बार जापान ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। यह खिताब जीतने वाली वे पहली भारतीय हैं। फाइनल में सिंधु ने तीन बार की विश्व विजेता रही जापान की अकाने यामागुछी को हराया। सिंधु ने दो वर्ष से अधिक समय के अंतराल के बाद किसी सुपर 750 स्तर की प्रतियोगिता का खिताब जीता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान ओपन 2026 में महिला सिंगल्स का खिताब जीतने पर भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस जीत को भारतीय बैडमिंटन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान उनका दृढ़ संकल्प और असाधारण कौशल स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीवी सिंधु की यह जीत देश भर के युवा खिलाड़ियों को बैडमिंटन में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर पी. वी. सिंधु को बधाई दी है। डॉ. मांडविया ने कहा कि जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनकर सिंधु ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित है।





