insamachar

आज की ताजा खबर

भारत मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पाह्मलां के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत हुई, , पांच समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पाह्मलां के बीच आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत हुई। इसके बाद दोनों देशों ने पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों में प्रवासन, युवा पेशेवरों के आदान-प्रदान, परिवहन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखता है।

भारत और स्विट्जरलैंड ने आज परिवहन प्रौद्योगिकियों, गतिशीलता प्रणालियों और अवसंरचना के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग तथा स्विस नेशनल साइंस फाउंडेशन के बीच एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग तथा ज्यूरिख एप्लाइड साइंसेज विश्वविद्यालय के बीच नवाचार, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और उद्यमिता में सहयोग के लिए कार्यान्वयन किया गया। ये समझौते नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति गी पाह्मलां के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद हुए।

संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों के प्रति राष्ट्रपति गी पाह्मलां की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले अक्टूबर में यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ-ईएफटीए के देशों के साथ ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते को लागू किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह समझौता किसी यूरोपीय आर्थिक समूह के साथ भारत का पहला मुक्त व्यापार समझौता है। उन्होंने इसे निवेश, नवाचार, रोजगार और साझा समृद्धि के लिए महत्वाकांक्षी ढांचा बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समझौते के अंतर्गत, भारत का लक्ष्य अगले 15 वर्ष में 100 अरब अमरीकी डॉलर का निवेश आकर्षित करना और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने स्विट्जरलैंड में भारतीय निर्यात के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने और दोनों देशों के बीच निवेश को और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इससे स्विट्जरलैंड को भारतीय कृषि उत्पादों, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र और इंजीनियरिंग सामानों का निर्यात बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत जैव प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान, बैंकिंग, बीमा, खाद्य प्रसंस्करण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्विटजरलैंड के निवेश को आकर्षित करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पहलों के माध्यम से, दोनों देश मिलकर विश्व के लिए विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला और भरोसेमंद समाधान विकसित करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आज सैन्य आदान-प्रदान और रक्षा उत्पादन में सहयोग की नई संभावनाओं की पहचान की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे परमाणु ऊर्जा में सहयोग को और सुदृढ़ करने पर भी सहमत हुए हैं।

तीन दिन की भारत यात्रा पर आए राष्ट्रपति गी पाह्मलां का आज नई दिल्ली में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति पाह्मलां आज शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन भी करेंगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *