मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सोमवार सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका व्यक्त की
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सोमवार सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका व्यक्त की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ओडिशा सरकार ने सभी 30 जिलों को अलर्ट पर रखा है।
बंगाल की खाड़ी के पूर्वी–मध्य और उससे सटे दक्षिण–पूर्वी हिस्से में बना मौसमी सिस्टम आज एक ‘डिप्रेशन‘ में, कल एक ‘डीप डिप्रेशन‘ में और सोमवार सुबह तक एक ‘चक्रवाती तूफान‘ में तब्दील हो सकता है। अगर यह चक्रवाती तूफान का रूप ले लेता है, तो इसका नाम ‘अर्नब‘ रखे जाने की संभावना है। आईएमडी ने इस मंगलवार के लिए गजपति, गंजाम और पुरी जिलों में ‘रेड वॉर्निंग‘ जारी की है। बुधवार को ‘रेड अलर्ट‘ के दायरे में रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजाम जिलों आएंगे, जहां कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार तक बारिश का यह खतरा उत्तरी और पश्चिमी ओडिशा तक फैल सकता है। एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और फायर सर्विस की टीमें स्टैंडबाय पर हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयारी कर रहा है।





