एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में भारत ने कल चीन को हरा दिया। भारत और चीन के बीच हुए बेहद रोमांचक और जोरदार मुकाबले में चीन ने, कप्तान हरमनप्रीत की टीम पर हावी होने की लगातार कोशिशें कीं, लेकिन भारतीय टीम ने डटकर मुकाबला करते हुए उसे शिकस्त दे दी। भारतीय कप्तान ने शानदार ड्रैग–फ्लिक का प्रदर्शन करते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। जुगराज सिंह ने भी एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। सुखजीत सिंह ने 2 शानदार फील्ड गोल किए। चीन की ओर से किए गए दोनों गोल पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिये हुए। आज होने वाले मैचों में, भारत का मुकाबला जापान से होगा और दक्षिण कोरिया की भिड़ंत चीन से होगी।





