क्वाड के नेताओं ने फिलीपींस के मनीला में हुए शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में सहयोग, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के संबंध में संपर्क को मजबूत करने के लिए कई पहलों की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची इस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। चारों नेताओं ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने क्वाड को शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए समर्पित कार्रवाई की साझेदारी बताया।
यह बैठक क्वाड को पुनः सक्रिय किए जाने के लगभग एक दशक पूरे होने तथा स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत की संकल्पना की 10वीं वर्षगांठ का प्रतीक भी है। 2016 में जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस संकल्पना को सबसे पहले प्रस्तुत किया था। बैठक में नेताओं ने बल या दबाव के जरिए यथास्थिति को बदलने के उद्देश्य से अस्थिर करने वाली या एकतरफा कार्रवाइयों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयां तनाव बढ़ाती हैं तथा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को कमजोर करती हैं। उन्होंने मनमाने ढंग से निर्यात पर प्रतिबंध लगाने सहित आर्थिक दबाव संबंधी गतिविधियों पर गहरी चिंता जताई।
नेताओं ने मजबूत आपूर्ति श्रृंखला, समुद्री आवाजाही और हवाई उड़ानों की स्वतंत्रता तथा उभरती हुई तकनीकों के उपयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में खुले, सुरक्षित और मजबूत समुद्री पारगमन गलियारों को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
चारों देशों ने 2027 की शुरुआत में ‘क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम’ के आयोजन की घोषणा की। इस फोरम में चारों देशों के कारोबारी दिग्गज, सरकारी अधिकारी और नीति विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। इसका उद्देश्य निजी क्षेत्र की भागीदारी को मजबूत करना, व्यावसायिक समझौतों को बढ़ावा देना और ऐसी साझेदारियां विकसित करना है जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र की समृद्धि में योगदान दें।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची का मसौदा जारी कर…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की दो दिन की यात्रा पूरी करने के बाद नई दिल्ली…
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य…
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के दिल्ली-आगरा मार्ग पर…
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्वाड को एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी बताया। उन्होंने चारों सदस्य…
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस)…