आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आज आठ वर्ष पूरे हो गये हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सितंबर 2018 में झारखंड के रांची में इस योजना का शुभारंभ किया था। यह विश्व की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना बन गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना से चिकित्सा खर्च में रिकॉर्ड बचत हुई है और गरीब तथा मध्यम वर्ग को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आठ वर्ष पहले यह योजना प्रत्येक भारतीय को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि आज 6 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ मिल रहा है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पिछले आठ वर्षों में 13 करोड़ से अधिक लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ उठाया है जिसपर सरकार ने दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। इस योजना के तहत 38 हजार सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़ा गया है और यह योजना देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू है। इससे देशभर में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल रही हैं और गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा भी मिल रही है। हाल ही में मोदी सरकार ने इस योजना का लाभ 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के साथ–साथ, 37 लाख से अधिक आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के परिवारों तक भी बढ़ाया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।





