insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

संसद में विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित

संसद में विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई है। दोनों सदनों की कार्यवाही नीट पेपर लीक मामले सहित कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण बार-बार बाधित हुई।

पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू होने पर हंगामे के बीच संसद की अलग-अलग समितियों के चुनाव के लिए सदन में प्रस्ताव पेश किए गए। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन को सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। इसके बावजूद, विपक्षी सदस्य नीट तथा विद्यार्थियों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर नारेबाजी करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर सदन के बीचों-बीच पहुंच गए। जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

उधर, राज्यसभा में 12 बजे के स्थगन के बाद बैठक फिर शुरू होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्ष ने उनकी बात नहीं मानी। इससे पहले, सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को अपना मुद्दा उठाने की अनुमति दी। मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट मुद्दे को लेकर कल नई दिल्ली में विद्यार्थियों के विरोध-प्रदर्शन का मामला उठाया। इसके बाद, विपक्ष और सत्ता पक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *