insamachar

आज की ताजा खबर

Britain future will be affected by the ongoing conflict in Iran - Prime Minister Keir Starmer
अंतर्राष्ट्रीय

मौजूदा जारी ईरान संघर्ष से ब्रिटेन का भविष्य प्रभावित होगा: प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने चेतावनी दी है कि मौजूदा जारी ईरान संघर्ष से ब्रिटेन का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन आर्थिक नुकसान झेलने के लिए तैयार है। कीर स्‍टार्मर ने आज लंदन में कहा कि ब्रिटेन इस संघर्ष में शामिल नहीं होगा क्योंकि यह राष्‍ट्र हित में नहीं है। बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कीर स्टार्मर ने कहा कि इससे निपटने का सबसे प्रभावी तरीका मध्य पूर्व में तनाव कम करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दबाव बनाना है। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री यवेट कूपर इस सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने, फंसे हुए जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही फिर शुरू करने के लिए सभी व्यवहार्य राजनयिक और राजनीतिक उपायों का आकलन किया जाएगा।

उधर, अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कल सुबह ईरान पर एक महत्वपूर्ण अपडेट देने के लिए राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि अमरीकी सैन्य बल दो या तीन सप्ताह में ईरान छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि ईरान में भारी मात्रा में मिसाइल निर्माण सुविधाओं को नष्ट कर दिया गया है।

इस बीच, इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने कहा है कि वे सीमा के पास स्थित लेबनान के गांवों को नष्ट कर देंगे और दक्षिण से भागे 6 लाख लोगों को तब तक घर लौटने नहीं दिया जाएगा जब तक उत्तरी इज़राइल सुरक्षित नहीं हो जाता। उन्होंने दक्षिणी लेबनान में एक बफर ज़ोन स्थापित करने की इज़राइल की योजना को दोहराया। उधर, लेबनान की राजधानी बेरूत के जनाह इलाके में कई मिसाइलों के हमले में 10 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। लेबनान की सामाजिक मामलों की मंत्री हनीन सैयद ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि इज़राइल के जमीनी अभियान से लेबनान में लोगों के दीर्घकालिक विस्थापन का खतरा बढ़ रहा है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *