insamachar

आज की ताजा खबर

अंतर्राष्ट्रीय मुख्य समाचार

अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया

ईरान ने होर्मोज़गान प्रांत और माहशहर बंदरगाह पर अमरीकी हमलों के जवाब में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने मिसाइल और ड्रोन हमले करते हुए अमरीका के 85 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें बहरीन स्थित सलमान बंदरगाह और अमरीका के पांचवें बेड़े का मुख्यालय तथा कुवैत में अली अल सलेम वायु सेना अड्डा शामिल हैं।

ईरान के बुशहर प्रांत में अमरीका के एमक्यू-9 ड्रोन को भी मार गिराया गया। इस बीच, बहरीन के गृह मंत्रालय ने चेतावनी सायरन बजने पर लोगों से सुरक्षित स्‍थानों पर जाने को कहा है। इससे पहले, होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हाल के हमलों के जवाब में अमरीका ने ईरान के 80 से अधिक ठिकानों पर फिर हवाई हमले किये। ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान ने इसे आक्रामकता और आतंकवाद का कृत्य बताते हुए जवाबी हमले की चेतावनी दी है। ईरान ने यह भी कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी तरह के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही किसी को इस पर नियंत्रण करने दिया जाएगा। इस बीच अमरीका ने अंतरिम समझौते के तहत ईरान को दी गई तेल बेचने की छूट रद्द कर दी है। ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमरीकी हमले और कार्रवाई द्विपक्षीय समझौतों का गंभीर उल्लंघन है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *