पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता में बदलाव, BS-VI वाहनों के लिए रिन्यूअल की अवधि को छह महीने के लिए बढ़ी
सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण यानी पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता अवधि में संशोधन किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव किया है। राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता वाहन के उत्सर्जन मानकों, श्रेणी और उम्र पर निर्भर करेगी। संशोधित नियमों के अंतर्गत, बीएस-वन, बीएस-टू और बीएस-थ्री उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों के पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता तीन महीने होगी, जबकि बीएस-फोर मानकों वाले वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने होगी।
बीएस-सिक्स मानकों का पालन करने वाले गैर-परिवहन वाहनों के लिए, छह वर्ष तक पुराने वाहनों का पीयूसी प्रमाणपत्र तीन वर्ष के लिए वैध होगा। छह से दस वर्ष तक पुराने वाहनों के लिए इसकी वैधता एक वर्ष होगी, जबकि दस वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने होगी।
वहीं, बीएस-सिक्स मानकों वाले परिवहन वाहनों के लिए छह वर्ष तक पुराने वाहनों के पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता दो वर्ष होगी। छह से दस वर्ष तक पुराने वाहनों के लिए यह एक वर्ष तथा दस वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के लिए छह महीने होगी।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने से दस दिन के अंदर उसका नवीनीकरण कराया जाता है, तो नया प्रमाणपत्र उसकी पुरानी वैधता समाप्त होने की तारीख से प्रभावी होगा।





