insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi interacted with the Indian contingent participating in the 2026 Asian Para Games.
भारत

प्रधानमंत्री मोदी कल नई दिल्ली के पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 नवंबर, 2026 को सायं लगभग 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

20 से 22 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले इस फोरम का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करना, लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा अंतर-सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।

यह पहल वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा एससीओ के ढांचे के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच स्थापित करने के प्रस्ताव पर आधारित है। बाद में एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था।

उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ शीर्षक से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन का अनूठा समावेश होगा। ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ विषय पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और यूरेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करेगी।

इस फोरम पर भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक से प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास की विस्तृत झलक प्रस्तुत की जाएगी। इसमें उत्खनन से प्राप्त अवशेषों, पुरावशेषों, वास्तुशिल्प के अवशेषों और अन्य महत्वपूर्ण खोजों को शामिल किया जाएगा। ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत: 18वीं शताब्दी की एक दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ में चित्रों से सुसज्जित एक हस्तलिखित पट्टिका प्रदर्शित की जाएगी, जो भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाएगी।

21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्वानजन, शिक्षाविद्, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इन सत्रों में संगीत और प्रदर्शन कलाओं, वस्त्रों, खान-पान तथा पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों; कला एवं वास्तुकला की साझा परंपराओं; लिपियों और पांडुलिपियों सहित भाषा एवं साहित्यिक परंपराओं; तथा मठवासी मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर चर्चा की जाएगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *