insamachar

आज की ताजा खबर

Defence News भारत

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सैन्‍य कार्य विभाग के सचिव लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने प्रोजेक्ट सीबर्ड का उद्घाटन किया

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सैन्‍य कार्य विभाग के सचिव जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 8 अक्टूबर, 2026 को कारवार नौसेना बेस में प्रोजेक्ट सीबर्ड फेज IIA के अंतर्गत भारतीय नौसेना के वरिष्ठ नौसैनिकों और रक्षा नागरिकों के लिए आवासीय परिसर के साथ-साथ महत्वपूर्ण सहायक उपयोगिता और सुविधा अवसंरचना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वाइस एडमिरल विवेक दहिया, महानिदेशक सीबर्ड, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ईस्‍ट ऑफ मंजिल क्रीक (ईओएमसी) और अमादल्ली में 8 अक्टूबर, 2026 को उद्घाटन किए गए आवासीय परिसर में वरिष्ठ नौसैनिकों के विवाहित आवास के लिए 60 आवास इकाइयों वाला एक टावर, नौसेना रक्षा नागरिकों के लिए 60 आवास इकाइयों वाला एक टावर, 156 डीएससी कर्मियों के लिए आवासीय परिसर और एक केजी स्कूल शामिल हैं। सुविधाओं से युक्त इन आवासीय परिसरों का निर्माण हैदराबाद स्थित एनसीसी लिमिटेड द्वारा और मुख्य बुनियादी ढांचे का निर्माण सेमिंडिया प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड द्वारा किया गया है।

ये अवसंरचना विकास परियोजना सीबर्ड के चल रहे चरण IIA का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य कारवार में जहाजों और पनडुब्बियों की तैनाती को बढ़ावा देना है। इस परियोजना में दोहरे उपयोग वाले नौसेना वायु स्टेशन, एक पूर्ण विकसित नौसेना डॉकयार्ड और पोतों और विमानों के लिए रसद सुविधाओं का निर्माण शामिल है। नौसेना बेस में लगभग 10,000 वर्दीधारी और नागरिक कर्मी अपने परिवारों के साथ रह सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, उद्योग और पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा और उत्तरी कन्नड़ क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे।

यह परियोजना पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओ ईएफ एंड सीसी) और भारतीय हरित भवन परिषद (आईजीबीसी) के वर्तमान मानकों के अनुरूप है और पूर्ण होने पर इसे हरित भवन परिषद गोल्ड रेटिंग प्राप्त होगी। यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के अनुरूप है, जिसमें 90 प्रतिशत से अधिक सामग्री और उपकरण स्‍वदेशी हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *