दिल्ली सरकार ने सत्य निकेतन इमारत गिरने की घटना के बाद दक्षिण जोन के दिल्ली नगर निगम के उपायुक्त राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता ललित कुमार, सहायक अभियंता सुनील चौहान और एक कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा इमारत के कथित मालिक को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि पूरी दिल्ली में उन इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया गया है जिनमें बिना मंज़ूरी के पांचवीं मंज़िल बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आस-पास के पीजी और इमारतों की भी बारीकी से जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी। रेखा गुप्ता ने बताया कि सार्वजनिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाली सभी इमारतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई नीति लाई जाएगी। जिसके अंतर्गत पीजी, नर्सिंग होम, स्कूल और अन्य संस्थानों की इमारतों का समय-समय पर संरचनात्मक ऑडिट और इमारत सुरक्षा प्रमाणन अनिवार्य किया जाएगा।





