केंद्रीय युवा कार्यक्रम, खेल, श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने 33वें ओलंपिक पेरिस 2024 के उपलक्ष्य में आज नई दिल्ली में संयुक्त रूप से स्मरणीय डाक टिकट जारी किए।
इस कार्यक्रम में हाल ही में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह, पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और स्टीपलचेज एथलीट सुधा सिंह सहित खेल जगत की जानी-मानी हस्तियों के साथ-साथ डाक टिकट संग्रहकर्ता और स्कूली बच्चे भी शामिल हुए।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “खेल केवल एक स्पर्धा नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका होते हैं। इन डाक टिकटों का जारी होना खेलों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय गौरव और एथलीटों के लिए प्रोत्साहन का प्रतीक है।”
डॉ. मांडविया ने कहा कि खेल एक स्वस्थ राष्ट्र को बढ़ावा देते हैं जो कि धन और समृद्धि के लिए आवश्यक है। खेल लोगों को एक साथ लाते हैं, जिससे व्यक्तिगत फिटनेस और राष्ट्रीय कल्याण दोनों में वृद्धि होती है।
डॉ. मांडविया ने जोर देकर कहा कि सरकार का प्राथमिक ध्यान एथलीटों पर रहा है और सरकार ने सुनिश्चित किया है कि उन्हें सफल होने के लिए जरूरी तमाम सहायता और सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि सरकार ने संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए पूरी लगन से काम किया है ताकि एथलीट बिना किसी बाधा के उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में की गई पहलों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने खेलो इंडिया के कीर्ति कार्यक्रम और टॉप्स कार्यक्रम का उल्लेख किया, जो युवा प्रतिभाओं को चिह्नित करता है और उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए जरूरी सुविधाएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पेरिस में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 117 एथलीटों में से 28 खेलो इंडिया योजना के परिणाम हैं।
अपने संबोधन का समापन करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा, “इन डाक टिकटों को जारी करके हमने अपने खिलाड़ियों और अपने राष्ट्र को याद किया है। आइए हम सभी #चीयर4भारत करें और अपने एथलीटों को प्रोत्साहित करें।”
समारोह को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 33वें ओलंपिक पेरिस 2024 पर एक डाक टिकट जारी करना भारत की ऐतिहासिक खेल विरासत को एक ट्रिब्यूट है। इस टिकट के साथ हम अपने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को मान देते हैं और उसे सेलिब्रेट करते हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार आज खेल और खेलों का बुनियादी ढांचा आखिरी मील तक पहुंच रहा है। यहां तक कि हमारे डाक विभाग के कर्मचारी भी खेलों के क्षेत्र में अविश्वसनीय उपलब्धियां दिखा रहे हैं। मुझे यकीन है कि इस टिकट के जरिए हम डाक टिकट संग्रहण के अपने समृद्ध इतिहास में इज़ाफा करेंगे और युवा खिलाड़ियों को खेल क्षमताओं का निर्माण करने और वैश्विक मंच पर भारत को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करेंगे। मैं पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाले भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।”
अमरीकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी निर्धारित ब्याज दर को 3.7-5 प्रतिशत से 4…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली के सेवा तीर्थ में सक्रिय शासन और योजनाओं…
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और उससे सटी पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर से गुजर…
सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि 22 लाख करोड़ रुपये…
रसायन और उर्वरक मंत्रालय और औषधि विभाग, के अधीन राष्ट्रीय औषधीय मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए)…
उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली स्थित संसद भवन…