विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इक्यासीवें सत्र के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। डॉ. जयशंकर 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र का विषय है “विश्वास बहाल करना, बदलाव का प्रबंधन करना। महासभा में संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। वे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने देशों की प्राथमिकताओं और रुख को सामने रखेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुत्तेरेश ने विश्व नेताओं से अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा है कि शांति, गरिमा, न्याय और मानवता के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए और बेहतर दुनिया के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है।





