दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-एक यानी ग्रैप-1 लागू होने के बाद, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन आज से कार्यदिवसों में मेट्रो के 20 अतिरिक्त फेरे संचालित करेगा।
डी.एम.आर.सी. ने धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में अपने निर्माण स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण रोधी उपाय भी तेज करने का फैसला किया है। निगम ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
डी.एम.आर.सी. के अनुसार, धूल का स्तर कम करने के लिए निर्माण स्थलों, मेट्रो स्टेशनों और कार्यालय भवनों में 250 से अधिक एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट गन लगाई गई हैं। पर्यावरण संबंधी सभी नियमों का उचित पालन सुनिश्चित करने के लिए डी.एम.आर.सी. का पर्यावरण विभाग प्रतिदिन निरीक्षण भी कर रहा है।





