insamachar

आज की ताजा खबर

Home Minister Amit Shah inaugurated and laid the foundation stones for development works worth ₹340 crore in the Kalol and Gandhinagar
भारत मुख्य समाचार

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर के कलोल एवं गांधीनगर (उत्तरी) विधानसभा क्षेत्रों में 340 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात के गांधीनगर में कलोल एवं गांधीनगर (उत्तरी) विधानसभा क्षेत्र में 340 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और प्राथमिक पाठशाला का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीते 10 दिनों में उन्हें गांधीनगर जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में 1200 करोड़ रुपए के कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का अवसर प्राप्त हुआ। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई विकास की पद्धति की वजह से आज हर गाँव आत्मनिर्भर एवं सुविधा संपन्न हो रहा है और हर व्यक्ति को अच्छा जीवन जीने का अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब गांवों में विद्यालय हैं, विद्यालय में शिक्षक हैं, आरोग्य की व्यवस्था एवं साफ-सफाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 2029 के लोक सभा चुनाव से पहले गांधीनगर जिले के कलोल एवं गांधीनगर (उत्तरी) विधानसभा क्षेत्रों के हर गाँव में बगीचे और तालाब का काम भी पूरा होगा। उन्होंने कहा कि अब गांवों में छोटी लाइब्रेरी होगी, जो हमारे युवाओं को बुरी आदतों से दूर ले जाएगी और उनके व्यक्तित्व का विकास होगा। अमित शाह ने कहा कि एक सम्पूर्ण व्यक्तित्व के विकास के लिए खेल-कूद, लाइब्रेरी और बगीचे बहुत जरूरी होते है। उन्होंने कहा कि हमने स्वच्छ गाँव, तालाब, बगीचे बनाने और वृक्षारोपण करने की दिशा में समान रूप से काम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि सावरकर जी एक ऐसे राष्ट्र भक्त थे जिन्हें ‘वीर’ की उपाधि किसी सरकार ने नहीं, बल्कि जन-जन ने दी, इसी कारण आज भी देश का बच्चा-बच्चा उन्हें ‘विनायक दामोदर सावरकर’ नहीं, ‘वीर सावरकर’ के नाम से जानता है । वे आजन्म देश भक्त रहे। उन्होंने अंग्रेजों की गुलामी से भारत माता को आजाद कराने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। जब काला पानी की जेल में अंग्रेज जेलर ने सावरकर जी से हंसकर कहा कि मिस्टर सावरकर,आपको दो आजीवन कारावास की सजा हुई है और आप इस जेल से बाहर नहीं निकल सकते। तो सावरकर जी ने हंसते-हंसते कहा था–मेरे जीवनकाल जितना लंबा अंग्रेज सरकार का शासन नहीं है और मेरा देश जल्द ही आजाद होगा। अमित शाह ने कहा कि वीर सावरकर जी के इसी जज्बे ने देश को आजाद कराने का काम किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेज 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को विद्रोह बताते थे। सावरकर जी ने ‘1857 का स्वातंत्र्य समर’ नामक पुस्तक लिखी। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर जी ने काले पानी की जेल में पत्थर की दीवारों पर अपने खून से मां भारती की स्वतंत्रता का काव्य लिखा। वीर सावरकर जी ने अस्पृश्यता के खिलाफ भी काफी काम किया। उन्होंने हमारी भाषाओं के महिमा मंडन का काम भी किया। उन्होंने पतित पावन मंदिर की स्थापना की और उसे सभी वर्गों के लिए खोला।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा गुजरात से शुरू की गई विकास यात्रा अनवरत जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी जी की सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान उन्होंने गुजरात के विकास मॉडल को कश्मीर से कन्याकुमारी और गंगा सागर से सोमनाथ तक फैलाया है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि आज देश के 80% भूभाग पर हमारी पार्टी का शासन है। अमित शाह ने कहा कि बंगाल चुनाव में सत्तासीन रही पार्टी का सुपड़ा साफ हो गया। अब उत्तराखंड के गंगोत्री से लेकर बंगाल के गंगा सागर तकमां गंगा के समग्र पथ पर भगवा लहराने का काम हमारे नेता मोदी जी और हमारी पार्टी ने किया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने बंगाल चुनाव के दौरान कहा था कि हम बंगाल में सरकार बनने पर सीमा पर बाड़ लगाने का काम तुरंत शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि सीमा पर फेंसिंग और एंटी-इनफिल्ट्रेशन इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी ने सरकार बनाने के 7 दिन के भीतर 600 हेक्टेयर भूमि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दिया है। चिकन नेक कॉरिडोर की भी 121 हेक्टेयर भूमि भारत सरकार को दे दी गई है। अमित शाह ने कहा कि बंगाल की पिछली सरकार के शासन में हर रोज घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठिए अपने आप वापस जाने लगे हैं। बंगाल सरकार ने अब डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं जो घुसपैठ कर अवैध तरीके से भारत में आए हैं, वह अपने वहाँ वापस चले जाएँ, जहां से वह आए हैं। अगर वह अपने आप लौट जाते हैं, तो बंगाल सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और लौटने में उनकी सहायता भी करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि घुसपैठियों की पहचान करने का अभियान शुरू होने से पहले ही वे अपने आप वापस लौट जाएंगे।

गृह मंत्री ने कहा कि देश भर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालना हमारी सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने डेमोग्राफिक चेंज पर उच्च स्तरीय समिति बनाई है। यह उच्च स्तरीय समिति देशभर में जनसंख्या में हो रहे कृत्रिम बदलावों, उनके कारणों और उन्हें रोकने के उपायों का व्यापक अध्ययन करेगी। इसके लिए यदि कोई कानून बनाने की ज़रूरत होगी, तो उसकी भी सिफारिश करेगी। उन्होंने कहा कि यह समिति एक साल में अपनी रिपोर्ट देगी, और कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलाव को रोकने का काम हमारी सरकार पूरी मज़बूती से करेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में दिन दूनी रात चौगुनी विकास हो रहा है। गुजरात में मोदी जी द्वारा 25 साल पहले शुरू किया गया विकास का अभियान अब अपने चरम पर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र देश का सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्र बनेगा।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *