21 जून को निर्धारित राष्ट्रीय प्रवेश और पात्रता परीक्षा-नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को देखते हुए सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम ऐप पर ऑनलाइन संदेश भेजने पर रोक लगा दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी -एनटीए ने सीमित और निश्चित अवधि के लिए टेलीग्राम एक्सेस पर रोक लगाने के इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्णय का स्वागत किया है।
एनटीए ने कहा कि यह प्रतिबंध नीट यूजी-2026 की पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद तक लागू रहेगा। एजेंसी ने कहा कि टेलीग्राम को 30 तारीख तक पहले से पोस्ट किए गए संदेशों को संपादित करने की सुविधा को भी बंद करने का निर्देश दिया गया है। एजेंसी के अनुसार, यह कदम उस सुविधा पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है जिसका कथित तौर पर राष्ट्रीय परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक होने के झूठे दावे गढ़ने के लिए दुरुपयोग किया गया है। एनटीए ने समय पर की गई कार्रवाई के लिए मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा है कि ये उपाय छात्रों के हित में परीक्षा का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने में मदद करेंगे।





