भारत

भारत और पाकिस्तान ने राजनयिक स्‍तर पर एक दूसरे की हिरासत में मौजूद कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया

भारत और पाकिस्तान ने आज राजनयिक स्‍तर पर एक दूसरे की हिरासत में मौजूद कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। 2008 में हुए द्विपक्षीय काउंसलर एक्सेस समझौते के प्रावधानों के अन्‍तर्गत ऐसी सूचियों का आदान-प्रदान हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को किया जाता है।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद पाकिस्‍तान के 381 कैदियों और 81 मछुआरों के नाम साझा किए हैं। वहीं, पाकिस्तान ने भी अपनी हिरासत में मौजूद भारत के 49 कैदियों और 217 मछुआरों के नाम साझा किए हैं। भारत ने पाकिस्तान की हिरासत से कैदियों, मछुआरों और उनकी नावों तथा लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी का आह्वान किया है।

पाकिस्तान से यह भी कहा गया है कि 183 भारतीय मछुआरों और कैदियों में से जिनकी सजा पूरी हो गई है, उनकी रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में तेजी लायें। पाकिस्तान से यह भी कहा गया है कि वह अपनी हिरासत में मौजूद 18 नागरिक कैदियों और मछुआरों को तत्काल राजनयिक पहुंच प्रदान करे, जिनके बारे में माना जाता है कि वे भारतीय हैं और जिन्हें अब तक राजनयिक पहुंच प्रदान नहीं की गई है।

पाकिस्तान से आग्रह किया गया है कि वह रिहाई होने तक सभी भारतीय और भारतीय माने जाने वाले कैदियों तथा मछुआरों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करे। यह भी कहा गया है कि भारत एक-दूसरे के देश में कैदियों और मछुआरों सहित सभी मानवीय मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई दिल्ली ने इस्लामाबाद से भारत की हिरासत में मौजूद 76 कैदियों और मछुआरों की राष्ट्रीयता सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने का भी आग्रह किया है, जिनका प्रत्यावर्तन पाकिस्तान से राष्ट्रीयता की पुष्टि के अभाव में लंबित है।

Editor

Recent Posts

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लिथियम और निकेल प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए 2,814 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली पूंजीगत व्यय सहायता योजना को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पांच वर्षों की अवधि के लिए…

58 मिनट ago

केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 92 गीगावॉट ग्रिड-स्केल ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के विकास के लिए 14,500 करोड़ रुपये की व्यवहार्यता अंतर वित्त पोषण योजना को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष…

1 घंटा ago

लोक सभा अध्यक्ष ने तिरुवनंतपुरम में संसद तथा विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों के सभापतियों के सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित किया

संसद तथा राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों के सभापतियों के दो दिवसीय…

1 घंटा ago

प्रधानमंत्री मोदी कल एशियाई पैरा खेल 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल के साथ परस्‍पर बातचीत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 नवंबर 2026 को सायं लगभग 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा…

1 घंटा ago

भारतीय रेल ने अक्टूबर 2026 में 145.07 मिलियन टन माल ढुलाई की

भारतीय रेलवे ने अक्टूबर 2026 के दौरान अपना शानदार परिचालन प्रदर्शन जारी रखा और माल…

3 घंटे ago